Irfan Solanki Case: अखिलेश से मुलाकात के 24 घंटे बाद बदली सपा विधायक इरफान की जेल
प्लॉट में आगजनी, फर्जी आधार कार्ड से हवाई सफर और बांग्लादेशी नागरिक डॉ. रिजवान के परिवार को भारतीय होने का प्रमाणपत्र देने के मामले सपा विधायक दो दिसंबर से जिला जेल में बंद हैं। उन्हें पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच महाराजगंज जेल भेजा जाएगा। विशेष सचिव सुरेश कुमार पांडेय ने डीजी कारागार को निर्देश जारी कर सपा विधायक को शिफ्ट करने के लिए कहा।
विस्तार
सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात के 24 घंटे के अंदर ही सपा विधायक इरफान सोलंकी की जेल बदल दी गई। मंगलवार को आए शासनादेश के अनुसार बुधवार को इरफान सोलंकी को कानपुर से 400 किलोमीटर दूर महाराजगंज की सेंट्रल जेल भेजा जाएगा।
प्लॉट में आगजनी, फर्जी आधार कार्ड से हवाई सफर और बांग्लादेशी नागरिक डॉ. रिजवान के परिवार को भारतीय होने का प्रमाणपत्र देने के मामले सपा विधायक दो दिसंबर से जिला जेल में बंद हैं। उन्हें पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच महाराजगंज जेल भेजा जाएगा।
मंगलवार को विशेष सचिव सुरेश कुमार पांडेय ने डीजी कारागार को निर्देश जारी कर सपा विधायक को शिफ्ट करने के लिए कहा। दरअसल, 13 दिसंबर को जिला कारागार कानपुर प्रशासन ने विशेष सचिव को पत्र भेजा था कि इरफान सोलंकी की जेल बदल दी जाए। जिला कारागार अधीक्षक बीडी पांडेय ने बताया कि जेल में सपा विधायक के मामले के कई आरोपी बंद हैं।
बांग्लादेशी नागरिक, नूरी शौकत का पिता समेत तीन हिस्ट्रीशीटर भी इसी जेल में बंद हैं जिनपर आगजनी के मामले में इरफान का साथ देने का आरोप है। वहीं जेल में कई बड़े अपराधियों के साथ विधायक का बंद होना काफी संवेदनशील है, उनकी सुरक्षा के लिए खतरा हो सकता है।
जेल अधीक्षकों को शासन ने सख्त निर्देश दे रखे हैं कि विधायक को कोई विशेष सुविधा नहीं दी जाएगी। महाराजगंज जेल में भी उन्हें आम कैदियों या जेल मैनुअल का सख्ती से पालन करते हुए रखा जाएगा। आईजी और डीआईजी जेल इसकी मॉनिटरिंग करंगे।