Exclusive: लाभ के लिए सबसे ज्यादा जोखिम उठा रहे शहर व प्रदेश के निवेशक, रिपोर्ट- 75% निवेश जोखिम भरी योजनाओं
Kanpur Investment Trends: एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि ज्यादा लाभ के लिए कानपुर और प्रदेश के निवेशक ज्यादा जोखिम उठा रहे हैं। म्यूचुअल फंड में कुल निवेश का 75.86 फीसदी हिस्सा इक्विटी बेस्ड योजनाओं में लगा रहे हैं, जबकि देश में यह औसत 54.48 प्रतिशत का है।
विस्तार
अच्छा लाभ कमाने के लिए शहर और उत्तर प्रदेश के निवेश देश में सबसे ज्यादा जोखिम उठा रहे हैं। यहां के निवेशक यूं तो प्रदेश म्यूचुअल में कुल निवेश के लिहाज से देश में छठवें नंबर पर हैं लेकिन इक्विटी उन्मुख निवेश योजनाओं (इक्विटी बेस्ड म्यूचुअल फंड्स) में ये कुल निवेश का 75.86 फीसदी लगा देते हैं, जो देश में सर्वाधिक है, जबकि ऐसी योजनाओं में निवेश का देश का औसत 54.48 फीसदी का है।
गौरतलब है कि इक्विटी उन्मुख योजनाओं में निवेश ज्यादा जोखिम भरा होता है। ऐसी योजनाओं में निवेश का न्यूनतम 65 फीसदी शेयरों में किया जाता, जिनमें तेज उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। म्यूचुअल फंड में देश में सर्वाधिक 26.77 लाख करोड़ रुपये का निवेश करने वाले महाराष्ट्र के निवेशक पैसा लगाने में सबसे ज्यादा सावधानी बरतते हैं और वे अपने केवल कुल निवेश का 38.42 प्रतिशत हिस्सा ही अधिक जोखिम वाली योजनाओं में लगाते हैं।
जाहिर है तेजी से अधिक लाभ कमाने के लिए जोखिम उठाने की प्रवृत्ति उनमें सबसे कम है। एम्फी (एसोसिएशन ऑफ़ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया) की रिपोर्ट के अनुसार कानपुर समेत उत्तर प्रदेश के निवेशकों का का कुल निवेश 3,10,340 करोड़ रुपये का है। इसमें में 75.86 फीसदी हिस्सा जोखिम भरी इक्विटी उन्मुख योजनाओं में लगा है। नई दिल्ली का भी निवेश देश के औसत से कम है लेकिन ये अंतर मामूली है।
अन्य राज्यों की तुलना में ले रहे हैं ज्यादा जोखिम
केश्री ब्रोकिंग के को-फाउंडर राजीव सिंह ने बताया कि इक्विटी उन्मुख योजनाओं में जोखिम सबसे ज्यादा होता है, लेकिन लंबी अवधि में इन योजनाओं में रिटर्न भी ज्यादा मिलता है। कानपुर समेत उप्र के निवेशक अन्य राज्यों की तुलना में ज्यादा जोखिम ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट के मुताबिक कुल निवेश के मामले में महाराष्ट्र पहले पायदान पर, नई दिल्ली दूसरे, गुजरात तीसरे, कर्नाटक चौथे और तमिलनाडु पांचवें पायदान पर है, जबकि उप्र छठवें स्थान पर है।
दो लाख करोड़ से ज्यादा एयूएम वाले राज्य
राज्य इक्विटी बेस्ड निवेश कुल निवेश
उत्तर प्रदेश 75.86% 3,10,340
कर्नाटक 63.79% 4,55,127
गुजरात 63.49% 4,71,520
पश्चिम बंगाल 63.39% 3,36,617
तमिलनाडु 58.37% 3,00,028
हरियाणा 57.32% 2,19,470
नई दिल्ली 52.61% 5,29,934
महाराष्ट्र 38.42% 26,77,046
नोट- इक्विटी उन्मुख योजनाओं का प्रतिशत व राज्यों के कुल निवेश अगस्त 24 तक के के आंकड़ों पर आधारित है। एयूएम (एसेट अंडर मैनेजमेंट या म्यूचुअल फंड में कुल निवेश) करोड़ रुपये में।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का इक्विटी बेस्ड निवेश
शहर प्रदेश में हिस्सेदारी देश में हिस्सेदारी इक्विटी वेस्ड निवेश
लखनऊ 15.05% 0.70% 35419
कानपुर 11.18% 0.52% 26312
वाराणसी 4.94% 0.23% 11638
आगरा 4.51% 0.21% 10626
मेरठ 2.79% 0.13% 6578
गोरखपुर 2.36% 0.11% 5566
बरेली 1.72% 0.08% 4048
अलीगढ 1.50% 0.07% 3542
झांसी 1.29% 0.06% 3036
नोट- इक्विटी बेस्ड योजनाओं में निवेश-करोड़ रुपये में।
इक्विटी बेस्ड योजनाओं में कम से कम 65 फीसदी निवेश शेयरों में होता
इक्विटी उन्मुख योजनाएं, जिन्हें इक्विटी बेस्ड म्यूचुअल फंड भी कहा जाता है। विशेष रूप से शेयर बाजार में निवेश करने के लिए बनाई जाती हैं। इन योजनाओं का कम से कम 65 प्रतिशत हिस्सा इक्विटी (शेयर) या इक्विटी संबंधित उपकरणों में निवेश किया जाता है। ये योजनाएं मुख्य रूप से उन कंपनियों के शेयरों में निवेश करती हैं जो लंबी अवधि में उच्च रिटर्न प्रदान कर सकती हैं।