Etawah: दरोगा व सिपाहियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, विवाद की सूचना पर पहुंची थी पुलिस, आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार
Etawah News: कोतवाली क्षेत्र में विवाद की सूचना पर पहुंचे दरोगा व सिपाहियों पर एक पक्ष के लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों ने भागकर जान बचाई। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
इटावा जिले में टॉवर कर्मियों से विवाद की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों पर एक पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। दरोगा व दो सिपाहियों को दौड़ाकर लाठी-डंडों से पीटा और उनकी वर्दी भी फाड़ दी। दरोगा ने दो नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला विनायक नगर रानीबाग में एक मोबाइल कंपनी का टॉवर लगा हुआ है। टॉवर की जमीन उदयप्रकाश निवासी विनायक नगर मड़ैया शिवनारायण व उनके भाई के नाम है। उदय प्रकाश और उनके पुत्र ऋषि राजपूत ने जमीन पर दावा करते हुए टॉवर के गेट पर ताला डाल दिया।
इसके बाद गेट खोलने को लेकर टॉवर कर्मियों से पिता-पुत्र का विवाद हो गया। टॉवर कर्मियों ने विवाद की सूचना पुलिस को दे दी। तकिया चौकी इंचार्ज मिलन सिरोही, कांस्टेबल अक्षय कुमार व अमित कुमार के साथ शाम करीब छह बजकर दस मिनट पर पर पहुंचे। दरोगा ने जब पिता-पुत्र से थाने चलने के लिए कहा, तो दोनों भड़क गए।
आरोपी पिता-पुत्र को भेजा जेल
तभी उदय प्रकाश, ऋषि व चार अज्ञात लोग दरोगा से गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर पीटने लगे। इसमें पुलिस की वर्दी भी फट गई। पुलिस ने भागकर अपनी जान बचाई। आरोपियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसके बाद कोतवाली से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया। देर रात दरोगा दोनों कांस्टेबल व आरोपी पिता-पुत्र का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया। मेडिकल में आरोपी ऋषि नशे की हालत में पाया गया।