कन्नौज: दुष्कर्म के बाद बच्ची की गला दबाकर हत्या, 20 रुपये का लालच देकर खेत में ले जाकर की दरिंदगी, युवक गिरफ्तार
सौरिख थाना क्षेत्र में आठ वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। बालिका का शव मक्के के खेत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही जिले के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के कन्नौज जिले में सौरिख थाने के एक गांव में 20 रुपये का लालच देकर युवक ने खेत में बच्ची से दुष्कर्म किया, फिर गला घोटकर उसकी हत्या कर दी। दूसरे दिन गुरुवार को खेत में बच्ची का शव पड़ा मिला। जांच के बाद पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
सौरिख थाना क्षेत्र के चपुन्ना चौकी के एक गांव निवासी एक किसान की नौ वर्षीय बेटी बुधवार दोपहर करीब दो बजे पड़ोस के चार बच्चों के साथ शौच के लिए खेत पर गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने थाने पहुंचकर रात को गुमशुदगी दर्ज कराई। गुरुवार सुबह करीब सात बजे परिजनों को पड़ोसी लोखड़िया गांव निवासी किसान शिवाजीत के मक्के के खेत में बच्ची का शव पड़ा मिला। बच्ची के कपड़े फटे थे और उसके नाजुक अंगों पर चोट थी। पास पड़ी चप्पल खून से सनी थी।
सूचना पर एसपी प्रशांत वर्मा सहित पहुंची फोरेंसिक टीम ने छानबीन की। पुलिस ने पैनल से पोस्टमार्टम कराया। इसमें गला घोटने की पुष्टि हुई। बच्ची के शरीर पर चोटों के निशान भी पाए गए। स्लाइड भी बनाई गई है। छानबीन के बाद पुलिस ने अर्जुन सिंह राठौर उर्फ पप्पू (24) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान अर्जुन ने बताया कि 20 रुपये का लालच देकर वह बच्ची को खेत में ले गया था। यहां बच्ची चीखने लगी तो गला दबाकर हत्या कर दी। एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि आरोपी ने गुनाह कबूल कर लिया है। पूछताछ के बाद उसे शुक्रवार को जेल भेज दिया जाएगा।