IIT Rape Case: एसीपी मोहसिन ने आखिरकार दर्ज कराए बयान…मोबाइल भी जमा कराया, एसआईटी ने दो घंटे तक किए सवाल-जवाब
Kanpur News: आईआईटी की पीएचडी छात्रा के यौन उत्पीड़न के मामले में एसीपी मोहसिन ने आखिरकार बयान दर्ज करा दिए हैं। विवेचक और एसआईटी ने दो घंटे तक सवाल-जवाब किए हैं।
विस्तार
कानपुर आईआईटी की पीएचडी छात्रा के यौन उत्पीड़न के आरोप में फंसे एसीपी मोहसिन खान ने करीब एक महीने बाद एसआईटी के सामने अपने बयान दर्ज कराए हैं। करीब दो से ढाई घंटे तक मोहसिन से पूछताछ करके जांच से जुड़े अधिकारियों ने बयान दर्ज किए। इसके साथ ही एसीपी के मोबाइल को भी जमा कराया गया है। अब इस फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
दरअसल, पीएचडी छात्रा ने कल्याणपुर थाने में बीते 12 दिसंबर को तत्कालीन कलक्टरगंज एसीपी रहे मोहसिन खान के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसआईटी मामले की जांच कर रही थी लेकिन एसीपी को हाईकोर्ट ने राहत देते हुए गिरफ्तारी के साथ-साथ चार्जशीट लगाने पर भी रोक लगा दी थी। साथ ही अगली सुनवाई के लिए 20 मार्च 2025 की तारीख दी।
व्हॉट्सएप चैट में कई निजी तस्वीरें
छात्रा ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने जांच के दौरान उसका लैपटॉप, मोबाइल लेकर उसके बयान दर्ज कर लिए, लेकिन एसीपी के बयान दर्ज नहीं किए। आरोप लगाया कि पुलिस उसकी मदद कर रही है। इसीलिए उसका मोबाइल भी जांच के लिए जमा नहीं कराया गया है, जबकि एसीपी के पास व्हॉट्सएप चैट में कई निजी तस्वीरें हैं। इसका एसीपी मोहसिन दुरुपयोग कर सकता है।
एसीपी पर कार्रवाई का दबाव बना हुआ था
उधर, एसीपी ने अपने परिचितों के जरिये पहले छात्रा पर समझौते का दबाव बनाया। फिर सोशल मीडिया पर अपने परिचितों से पोस्ट कराकर बदनाम कराने की कोशिश की तो छात्रा ने एक और एफआईआर करा दी। इसी के बाद से पुलिस पर आरोपी एसीपी पर कार्रवाई का दबाव बना हुआ था। एसआईटी में शामिल अफसरों ने मोहसिन के बयान दर्ज होने और मोबाइल जांच के लिए लेने की पुष्टि की है।