IIT Rape Case: मोहसिन बोला- छात्रा पढ़ीलिखी…प्रेमजाल में फंसाया, छात्रा बोली- मैं पुलिस नहीं, ऊपर वाले के भरोसे
Kanpur News: मोहसिन ने अधिवक्ता के जरिये ही 16 दिसंबर को हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल की इसमें एसीपी ने दावा किया कि यौन शोषण का आरोप लगाने वाली पीएचडी छात्रा की पश्चिम बंगाल के पुरबा बर्धमान निवासी इंजीनियर के साथ शादी हो चुकी है।
विस्तार
कानपुर में आईआईटी की पीएचडी छात्रा से यौन शोषण के मामले में फंसे एसीपी मोहम्मद मोहसिन खान ने राहत पाने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। मोहसिन ने याचिका दायर कर छात्रा के पढ़ी-लिखी व शादीशुदा होने और उसे अपने प्रेमजाल में फंसाकर फर्जी एफआईआर लिखाने की दलील दी है।
इस आधार पर रिपोर्ट रद्द करने की मांग की है। मामले की सुनवाई गुरुवार को होगी। दर्ज केस के विवचेक ने इस संबंध में जवाब बनाकर कोर्ट भेज दिया है। बता दें, पीएचडी छात्रा ने एसीपी के खिलाफ कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद सोमवार को कोर्ट में अपने बयान दर्ज कराए थे। इसी के बाद से एसीपी पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही थी।
दलील दी- पीएचडी छात्रा की हो चुकी है शादी
हालांकि पुलिस के आला अधिकारी गिरफ्तारी के बजाय उसका पक्ष जानने पर ज्यादा जोर दे रहे हैं। पुलिस की इसी शैली का लाभ उठाते हुए मोहसिन ने अधिवक्ता के जरिये ही 16 दिसंबर को हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल की इसमें एसीपी ने दावा किया कि यौन शोषण का आरोप लगाने वाली पीएचडी छात्रा की पश्चिम बंगाल के पुरबा बर्धमान निवासी इंजीनियर के साथ शादी हो चुकी है।
छात्रा ने नजदीकियां बढ़ाते हुए प्रेमजाल में फंसा लिया
कोर्ट में मैरिज के लिए रजिस्ट्रेशन भी दाखिल किया था, लेकिन इससे पहले दोनों के बीच ब्रेकअप हो गया। इसके बाद दोनों अलग हो गए थे। इस बीच छात्रा ने नजदीकियां बढ़ाते हुए उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। फिर झूठे आरोप लगाकर रिपोर्ट भी दर्ज करा दी। हाईकोर्ट ने याचिका को लिस्ट करते हुए 19 दिसंबर को सुनवाई की तारीख दी है।
छात्रा बोली- न्याय न मिला तो मुझे खुद भी नहीं पता कि मैं क्या कर लूंगी
पीएचडी छात्रा का कहना है कि मोहसिन को जानबूझकर गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। सब मिले हुए हैं, किसी पर भरोसा नहीं किया जा सकता। पुलिस उसके मामले का कोई अपडेट भी नहीं दे रही। छात्रा ने कहा कि मुझ पर शादीशुदा होने का झूठा आरोप लगाया, जबकि मैंने तो कभी शादी ही नहीं की। मैं पुलिस नहीं, ऊपर वाले के भरोसे हूं। न्याय नहीं मिला तो मुझे भी नहीं पता मैं क्या कर लूंगी..।
सच सामने आने से रोका जा रहा है
छात्रा ने आगे कहा कि वर्दी पर दाग लगा है इसलिए ऐसा भी हो सकता है कि उसे भी किसी झूठे मामले में फंसा दिया जाए। कहा कि सच सामने आने से रोका जा रहा है। कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। पुलिस उसकी पत्नी के मोबाइल का डाटा चेक नहीं कर रही, जबकि उसमें बहुत सारे सबूत हैं जिसे नष्ट किया जा सकता है।
विभाग के लोग दे रहे हैं साथ
कहा कि अतुल सुभाष की आत्महत्या के बाद पुलिस सक्रिय हुई, उसके जीते जी इंसाफ नहीं मिला। कहा कि वह जिसके खिलाफ लड़ रही है, उसके पास अपराध के मामलों की जानकारी का दस साल का अनुभव है। इसी का वह लाभ लेने की कोशिश कर रहा है और उसका साथ उसी के विभाग के लोग दे रहे हैं।
ये था पूरा मामला
एसीपी साइबर क्राइम व कलक्टरगंज मोहम्मद मोहसिन खान पर आईआईटी से पीएचडी कर रही एक युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए कल्याणपुर थाने में गुरुवार को केस दर्ज कराया था। युवती का आरोप है कि शादीशुदा होने के बावजूद एसीपी ने खुद को अविवाहित बताकर नजदीकियां बढ़ाईं। फिर शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण करते रहे।
साइबर क्राइम की भी जिम्मेदारी संभाल रहा था मोहसिन
आला अधिकारियों ने मामले की जांच एडीसीपी ट्रैफिक अर्चना सिंह की अध्यक्षता वाली विशेष जांच टीम (एसआईटी) को दे दी है। साथ ही मोहसिन को लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। मूलरूप से लखनऊ के रहने मो. मोहसिन खान 2013 बैच के पीपीएस अफसर है। 12 दिसंबर 2023 से वह कानपुर में तैनात थे। केस दर्ज होने से पहले तक मोहसिन एसीपी कलक्टरगंज के साथ साइबर क्राइम की भी जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने लगे
जानकारी के अनुसार जुलाई 2024 में मोहसिन ने आईआईटी से साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एंड साइबर क्रिमिनोलॉजी से पीएचडी शुरू की। पढ़ाई के दौरान एसीपी का संपर्क वहीं पर पीएचडी कर रही पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी की रहने वाली दूसरे धर्म की युवती से हुआ। युवती का आरोप है कि मोहसिन ने शादीशुदा होते हुए भी खुद को कुंवारा बता नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने लगे।
आईआईटी प्रबंधन से शिकायत की
युवती को जब मोहसिन के शादीशुदा होने की जानकारी मिली तो उसने इसका विरोध किया। इस पर मोहसिन ने उसे पत्नी से जल्द तलाक होने पर शादी का आश्वासन देकर रिलेशन में जुड़े रहने को कहा। दो दिन पहले युवती ने मोहसिन की पत्नी से फोन पर संपर्क किया। मोहसिन की पत्नी ने वैवाहिक जीवन अच्छी तरह से चलने की बात कही। सूत्रों के अनुसार जब युवती ने एसीपी से सवाल किया, तो एसीपी ने उसके बारे में गलतबयानी शुरू कर दी, जिसके बाद उसने पहले आईआईटी प्रबंधन से शिकायत की।
एसआईटी को जांच विस्तृत सौंपी गई
फिर गुरुवार दोपहर कल्याणपुर थाने पहुंचकर एसीपी के खिलाफ तहरीर दे दी। अपने ही एसीपी की खिलाफ तहरीर मिलने पर थाना प्रभारी ने उच्चाधिकारियों से संपर्क किया और उनके निर्देश पर केस दर्ज कर लिया। अधिकारियों ने पहले तो एसीपी को तत्काल पुलिस मुख्यालय लखनऊ से संबद्ध कर दिया। फिर डीसीपी साउथ अंकिता शर्मा ने आईआईटी पहुंचकर प्रारंभिक जांच कर उसके बयान दर्ज किए। अब एडीसीपी ट्रैफिक अर्चना सिंह के नेतृत्व वाली एसआईटी को जांच विस्तृत सौंपी गई है।