Kannauj News: पत्नी का बेड पर, पति का फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में पति-पत्नी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच काफी लंबे समय से विवाद चल रहा था।
विस्तार
कन्नौज जिले के बैसोरा गांव में ससुराल आए युवक का शव हाते में नीम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। उसकी पत्नी का शव घर के अंदर कमरे में बेड पर पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि पत्नी की हत्या करने के बाद पति ने आत्महत्या की होगी। पुलिस को आरती के चेहरे व गाल पर चोट के निशान व शव के पास भांग की गोलियां मिली हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
इटावा जनपद के जसवंतनगर थाना क्षेत्र के सुगंध नगर निवासी शक्ति सिंह (36) फेरी लगाकर कपड़े बेचते थे। छह साल पहले उसकी शादी श्रीनगर बैसोरा गांव निवासी रिंकी उर्फ आरती (33) के साथ हुई थी। पिछले कुछ समय से आए दिन पति पत्नी के बीच विवाद होता था। इसकी वजह शक्ति का शराब का आदी होना बताई गई है।
विवाद की जानकारी पर भाई राजू बीती पांच जून को आरती को मायके ले आया था। राजू के मुताबिक 20 जून को शक्ति यहां आया था और तीन वर्षीय पुत्र शिवा को भी साथ लाया था। यहां फिर से शक्ति और आरती का विवाद हुआ। नाराज होकर शक्ति, शिवा को लेकर बड़े भाई बबलू के पास जयपुर चला गया था।
जयपुर में शिवा परेशान होने लगा तो 23 जून को शक्ति उसे लेकर वापस ससुराल आ गया। तब से वह यहीं था। राजू रविवार सुबह भूसा लेने के लिए पुराने घर की ओर गया तो वहां नीम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से शक्ति का शव लटका मिला। कमरे के अंदर जाकर देखा तो आरती का शव बेड पर पड़ा था। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
सीओ तिर्वा दीपक दुबे ने बताया कि प्राथमिक जांच में पत्नी की हत्या के बाद पति के खुदकुशी किए जाने का मामला लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। दोनों ही परिवारों ने घटना को लेकर तहरीर नहीं दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सोमवार से जयपुर में करना था काम
शक्ति सिंह को सोमवार से जयपुर में कपड़े का काम शुरू करना था। गांव में रोज आपस में हो रहे विवाद की जानकारी पर उसके बड़े भाई बबलू ने कहा था कि जयपुर में आकर काम करे। दोबारा जयपुर आने के लिए 1500 रुपये भी दिए थे। वैसे तो बेटे को छोड़कर ही वापस आने के लिए कहा था, लेकिन यहां वह रुक गया और सोमवार को जाने की बात कहने लगा।