{"_id":"67f6bc5c155147836106f8b5","slug":"human-trafficking-teenage-girl-kidnapped-by-neighbour-and-sold-in-rajasthan-for-rs-1-lakh-buyer-arrested-2025-04-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"मानव तस्करी: किशोरी को पड़ोसी ने अगवाकर राजस्थान में एक लाख में बेचा, खरीदने वाली गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मानव तस्करी: किशोरी को पड़ोसी ने अगवाकर राजस्थान में एक लाख में बेचा, खरीदने वाली गिरफ्तार
Thu, 10 Apr 2025 12:05 AM IST
शिखा पांडेय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
Published by: शिखा पांडेय
Updated Thu, 10 Apr 2025 12:05 AM IST
सार
Kanpur News: नौबस्ता थानाक्षेत्र से 30 मार्च की रात अगवा हुई किशोरी राजस्थान के जयपुर में मिली। अगवा कर ले जाने वाले पड़ोसी की तलाश में जुटी पुलिस।
विज्ञापन
कानपुर पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नौबस्ता थानाक्षेत्र से पड़ोसी ने किशोरी को अगवा कर राजस्थान में एक लाख रुपये में बेच दिया। उसे खरीदने वाली महिला ने शादी के नाम पर ढाई लाख रुपये में दूसरे को बेच दिया। मौका मिलने पर किशोरी ने वहां से भाग कर परिजनाें को सूचना दी, तो वे मदद के लिए नौबस्ता थाने पहुंचे। नौबस्ता पुलिस ने खरीदार महिला और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया। अपहरणकर्ता और शादी के लिए जिसने खरीदा, उनकी तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
नौबस्ता के हंसपुरम इलाके में रहने वाले मजदूर ने तीन अप्रैल को थाने में अपनी 16 साल की बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। किशोरी के पिता के मुताबिक बेटी घर से कुछ सामान लेने पड़ोस की दुकान गई थी फिर नहीं लौटी। पड़ोसी सौरभ मिश्रा पर 30 मार्च की शाम अपहरण करने का आरोप लगाया। पांच अप्रैल को बेटी ने लखनऊ में रहने वाले अपने जीजा को फोन कर बताया कि सौरभ ने उसे अगवाकर राजस्थान के जयपुर के अंखुरिया इलाके में सामाजिक फाउंडेशन चलाने वाली महिला को एक लाख रुपये में बेच दिया था। उस महिला ने शादी के नाम पर उसे नागौर जिले में एक अधेड़ को 2.5 लाख रुपये में बेच दिया।
विज्ञापन
किशोरी को बेचे जाने की जानकारी मिलने के बाद सक्रिय हुई नौबस्ता पुलिस ने एक टीम राजस्थान रवाना की। टीम को किशोरी अंखुरिया इलाके में मिली। किशोरी की निशानदेही पर पुलिस ने प्रेमनगर पुलिया के पास से उसे खरीदने वाली फाउंडेशन संचालक 52 वर्षीय गायत्री और उसके साथी गागर-बाड़ा निवासी हनुमान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम इन्हें और किशोरी को लेकर बुधवार शाम शहर आई, जहां इनसे पूछताछ जारी है।
विज्ञापन
मानव तस्करी की धाराएं बढ़ेंगी
नौबस्ता इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि किशोरी का अपहरण करने का मुख्य आरोपी सौरभ मिश्रा और उसका परिवार रिपोर्ट दर्ज होने के पहले ही घर से भाग गया है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। मामले से जुड़े आरोपियों पर मानव तस्करी, दुष्कर्म और षडयंत्र की धाराएं बढ़ाई जाएंगी। किशोरी का मेडिकल कराया जाएगा।