UP: अवनीश दीक्षित के चार साथियों की खुली हिस्ट्रीशीट…निगरानी शुरू, अगले हफ्ते से जब्त होगी हरेंद्र की संपत्ति
Kanpur News: कोतवाली प्रभारी के मुताबिक हरेंद्र की संपत्ति को जब्त करने के लिए झांसी के डीएम और एसएसपी को पत्र भेजा गया है। अगले हफ्ते कोतवाली पुलिस की टीम झांसी जाकर संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई करेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर सिविल लाइंस स्थित एक हजार करोड़ की जमीन कब्जाने के प्रयास के मामले में जेल गए अवनीश दीक्षित के चार साथियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। हिस्ट्रीशीट खुलने के साथ ही चारों की निगरानी शुरू हो गई है। दो आरोपी सगे भाई हैं। इसके अलावा एक खुद को अधिवक्ता और दूसरा सपा नेता बताता है। ये सभी कानपुर रेंज स्तर पर रजिस्टर्ड अवनीश दीक्षित गैंग के सक्रिय सदस्य है।
सिविल लाइंस स्थित नजूल की जमीन कब्जाने के प्रयास के मामले में पिछले साल 28 जलाई को अवनीश दीक्षित और उसके साथियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इनके खिलाफ डकैती समेत अन्य धाराओं में दो मामले दर्ज हुए थे। इसमें हरेंद्र मसीह और अवनीश समेत 13 नामजद और 25 अज्ञात लोग घटना में शामिल थे। पुलिस अवनीश दीक्षित, हरेंद्र मसीह समेत कई लोगों के खिलाफ 26 अक्तूबर को कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।
चारों पर दर्ज मामलों को देखते हुए खोली गई है हिस्ट्रीशीट
किदवई नगर थाने में अवनीश दीक्षित उसके साथी मनोज यादव उर्फ वसूली बंदर की बादशाहीनाका थाने में हिस्ट्रीशीट भी पुलिस खोल चुकी है। अब पुलिस ने अवनीश के साथ कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस निवासी खुद को अधिवक्ता बताने वाले जितेश झा, सपा नेता बताने वाले राहुल वर्मा के अलावा सिविल लाइंस स्थित मैथाडिस्ट कंपाउंड के दूध वाला बंगला निवासी अर्पण एरियल और उसके भाई अभिषेक एरियल की शनिवार को कोतवाली पुलिस ने हिस्ट्रीशीट खोली है। कोतवाली प्रभारी जगदीश पांडेय ने बताया कि चारों आरोपियों पर दर्ज मामलों को देखते हुए सभी की हिस्ट्रीशीट खोली गई है।
अगले हफ्ते से जब्त होगी हरेंद्र की संपत्ति
वहीं, सिविल लाइंस स्थित नजूल की जमीन कब्जाने के प्रयास में फंसे अवनीश दीक्षित के साथी हरेंद्र मसीह की अपराध से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई अगले हफ्ते से होगी। पुलिस ने अपराध से अर्जित चल व अचल संपत्ति जब्त करने के लिए झांसी के डीएम और एसएसपी को पत्र भेज दिया है। अनुमति मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम झांसी जाकर संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई करेगी।
28 जुलाई को दर्ज कराई थी रिपोर्ट
सिविल लाइंस स्थित नजूल की एक हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की जमीन कब्जाने के प्रयास के मामले में अवनीश दीक्षित के साथ ही हरेंद्र मसीह का नाम सामने आया था। मामले में अवनीश, हरेंद्र मसीह समेत 33 लोगों के खिलाफ कोतवाली में लेखपाल विपिन कुमार ने 28 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जमीन पर काबिज सैमुअल गुरुदेव सिंह ने भी 37 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस कमिश्नर की मिल चुकी है हरी झंडी
इसके बाद अवनीश का गैंग पहले इंटर रेंज गैंग के रूप में पंजीकृत किया गया। इसमें कुल 15 शातिर है। कोतवाली प्रभारी जगदीश पांडेय ने बताया कि अवनीश और हरेंद्र की संपत्तियों को जब्त करने से जुड़ी फाइल पुलिस कमिश्नर के पास के भेजी गई थी। हरेंद्र की फाइल को पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार की हरी झंडी मिल चुकी है। जबकि, अवनीश का मामला पुलिस कमिश्नर की कोर्ट में लंबित है।
गैंगस्टर एक्ट में 14 (1) के तहत सभी की संपत्ति कुर्क की जाएगी
कोतवाली प्रभारी के मुताबिक हरेंद्र की संपत्ति को जब्त करने के लिए झांसी के डीएम और एसएसपी को पत्र भेजा गया है। अगले हफ्ते कोतवाली पुलिस की टीम झांसी जाकर संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई करेगी। हरेंद्र मसीह, राहुल वर्मा, विसेंट विक्रम उर्फ विक्की चार्ल्स, संदीप शुक्ला, कमला एरियल, अभिषेक एरियल, नौरिस एरियल, अर्पण एरियल, अली अब्बास, जितेश झा, जितेंद्र शुक्ला, विवेक पांडेय, मनोज यादव, मो.वसीम खान, अखलाख अहमद शामिल है। विवेचना के दौरान अवनीश के रमन गुप्ता, अमन, नितिन समेत चार और साथियों के नाम खुले हैं। गैंगस्टर एक्ट में 14 (1) के तहत इन सभी की संपत्ति कुर्क की जाएगी।