Hardoi Accdient: तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, तीन की कुचलकर हुई मौत, बरात से लौट रहे थे चचेरे भाई
Hardoi News: बिलग्राम तहसील क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवारों को कुचल दिया, जिसमें तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
हरदोई जिले के बिलग्राम तहसील क्षेत्र में सोमवार की देर रात तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवारों को कुचल डाला। हादसे में दो की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीनों मृतक चचेरे भाई हैं और एक ही बाइक पर सवार थे।
बताया जा रहा है कि तीनों एक बरात में शामिल होकर घर वापस आ रहे थे। वहीं, डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। एक परिवार के तीन चचेरे भाइयों की मौत से परिजनों मे कोहराम मचा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के अनुसार, माधौगंज थाना क्षेत्र के गांव खुर्दा मदार नगर निवासी ज्ञानेंद्र (20) पुत्र राम खेलावन, लाला (28) पुत्र विनोद और पिंटू (32) पुत्र प्रकाश तीनों चचेरे भाई थे। तीनों एक बाइक से सवार होकर कल्याणपुर में एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
दो की मौके पर ही मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम
यहां से तीनों देर रात वापस घर जा रहे थे। मल्लावां कस्बे के कटरा के निकट तेज रफ्तार डंपर ने तीनों को कुचल दिया। इसमें ज्ञानेंद्र व लाला की घटनास्थल पर मौत हो गई। वहीं पिंटू गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
यहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां पिंटू ने भी देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। मामले में कोतवाल शेषनाथ सिंह ने बताया शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अगले महीने ज्वॉइन करनी थी नौकरी
मृतक योगेश उर्फ लाला की हाईकोर्ट मे लिपिक के पद पर तैनाती हो गई। उसे अगले महीने में नौकरी ज्वॉइन करनी थी। इससे पहले ही वह काल के गाल में समा गया। वहीं, ज्ञानेंद्र और योगेश दिल्ली मे रहकर काम करते थे। दोनों 20 दिन पूर्व ही घर आए थे।