Kanpur: ज्ञानवापी के मसले पर शहर में हाई अलर्ट, मिश्रित आबादी वाले इलाकों में एलआईयू रही सक्रिय
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर भी अलर्ट घोषित कर दिया गया था। आरपीएफ और जीआरपी की क्यूआरटी ने प्लेटफार्मों और ट्रेनों की चेकिंग की। रिजर्वेशन और पार्सल घर जाकर डाग स्क्वॉयड ने तलाशी अभियान चलाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ज्ञानवापी के मसले पर कोर्ट में हो रही सुनवाई के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए। सोमवार सुबह से ही पुलिस कमिश्नर समेत सभी वरिष्ठ अधिकारी फोर्स के साथ मिश्रित आबादी वाले इलाकों में मौजूद रहे। गश्त करने के साथ ही उन्होंने लोगों से माहौल को लेकर बातचीत की। अलग-अलग इलाकों को कवर करने के लिए आठ ड्रोन कैमरों को भी तैनात किया गया।
ज्वाइंट सीपी आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि पुलिस फोर्स को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था में 1800 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। एलआईयू भी सक्रिय कर दी गई है। पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड, ज्वाइंट सीपी और एडिशनल सीपी आनंद कुलकर्णी ने अनवरगंज, नई सड़क, बेकनगंज, बजरिया, चमनगंज, चकेरी, जाजमऊ, नौबस्ता, मछरिया, बाबूपुरवा आदि इलाकों में जाकर स्थिति का जायजा लिया और लोगों से बातचीत की।
फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर मॉनीटरिंग
ज्वाइंट सीपी ने बताया कि तीनों बड़ी सोशल नेटवर्किंग साइट्स फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर निगरानी रखने के लिए अलग-अलग टीमों को तैनात किया गया है। आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
ट्रेनों-प्लेटफार्मों की चेकिंग कराई गई
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर भी अलर्ट घोषित कर दिया गया था। आरपीएफ और जीआरपी की क्यूआरटी ने प्लेटफार्मों और ट्रेनों की चेकिंग की। रिजर्वेशन और पार्सल घर जाकर डाग स्क्वॉयड ने तलाशी अभियान चलाया। आरपीएफ सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश और जीआरपी के आरके द्विवेदी ने बताया कि क्यूआरटी के अलावा ट्रेन एस्कॉर्ट को भी सतर्क कर दिया गया है कि वे लोग तीन दिनों तक कोचों के यात्रियों पर विशेष निगाह रखें। इसके अलावा एक-एक टीम प्लेटफार्मों पर भी तैनात कर दी गई है।