{"_id":"6aafc351d218e2b16b0b46ea","slug":"headmaster-on-scooter-killed-after-being-hit-by-out-of-control-truck-2026-09-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"काल बनी रफ्तार: बेकाबू ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार प्रधानाध्यापक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
काल बनी रफ्तार: बेकाबू ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार प्रधानाध्यापक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
Sun, 20 Sep 2026 05:00 PM IST
Shikha Pandey
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरदोई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरदोई
Published by: Shikha Pandey
Updated Sun, 20 Sep 2026 05:00 PM IST
सार
ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार प्रधानाध्यापक की जान चली गई। घटना लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई।
विज्ञापन
मृतक की फाइल फोटो व मौके पर लगी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
लखनऊ पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को स्कूटी सवार प्रधानाध्यापक को किसी ट्रक ने टक्कर मार दी। टोडरपुर पेट्रोल पंप के पास हुई घटना में प्रधानाध्यापक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक समेत मौके से भाग निकला। घटना का पता चलते ही परिजन बदहवास हो गए।
विज्ञापन
सरॉय खास निवासी बटेश्वर (45) टोडरपुर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय पांडेयतारा में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। वह परिवार समेत शहर के अब्दुलपुरवा में रहते थे। शनिवार को विद्यालय के बाद वह अपने गांव चले गए थे। यहां उनकी खेती है। खेती की देखरेख के बाद रविवार को दिन में लगभग 11:30 बजे वह स्कूटी से हरदोई आने के लिए निकले थे। लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र में टोडरपुर के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
विज्ञापन
मौके पर ही उनकी मौत हो गई। स्कूटी के पंजीकरण संख्या के जरिए ब्योरा निकालकर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। घटना का पता चलते ही परिजन बदहवास हो गए। मृतक के परिवार में पत्नी सुनीता, एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। प्रभारी निरीक्षक मार्कंडेय सिंह ने बताया कि पेट्रोल पंप के साथ ही कुछ अन्य स्थानों पर भी लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। परिजनों से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
विज्ञापन