Head Constable Death: मौत कैसे हुई...पोस्टमार्टम में भी नहीं चला पता, बेटे ने लिखा- पिता की निर्मम हत्या की गई
Kanpur News: भगवत दास घाट नाले में जानवरों से नुचा हेड कांस्टेबल का शव मिला था। उसकी मौत कैसे हुई है, पोस्टमार्टम में भी नहीं पता चला है। डॉक्टरों ने विसरा, हार्ट और खाल सुरक्षित की है, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में भगवतदास घाट नाले में मिले पुलिस लाइन में तैनात आर्म्ड पुलिस के हेड कांस्टेबल खेमचंद्र वर्मा की मौत हादसा थी या हत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी साफ नहीं हो सका। इसके चलते डॉक्टरों ने विसरा, हार्ट और खाल समेत शरीर के कई अवशेष सुरक्षित रखे हैं। इनको फोरेंसिक लैब जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने पर ही मौत का सही वजह सामने आ सकेगी।
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे फीलखाना पुलिस को भगवतदास घाट के पास नाले में शव मिला था। आवारा जानवरों के नोचने की वजह से शव क्षत-विक्षत था। अज्ञात मानते हुए पुलिस ने शव पोस्टमार्टम में रखवा दिया था। छानबीन में पुलिस को एक रिक्शा चालक ने बताया कि एक सिपाही अक्सर यहां आकर कुछ लोगो के साथ शराब पीने के बाद पुलिस लाइन जाता था।
इस जानकारी के बाद पुलिस ने पहले भगवतदास घाट के पास स्थित एक शराब के ठेके और फिर पुलिस लाइन के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, तो पता चला कि शव मूलरूप से झांसी के लहराचूरा ग्राम लारौनी निवासी हेड कांस्टेबल खेमचंद्र वर्मा का था। वह सुबह पांच बजे पुलिस लाइन से निकले थे। पुलिस की सूचना पर मेरठ में तैनात खेमचंद्र के प्रशिक्षु दरोगा बेटे जितेंद्र वर्मा ने शव की शिनाख्त की थी।
पोस्टमार्टम में भी मौत का पता नहीं चल सका है
जितेंद्र ने फीलखाना थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार को दो डॉक्टरों डॉ. पीयूष वर्मा और डॉ. सतीश कुमार ने खेमचंद्र का पोस्टमार्टम किया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी हुई। पुलिस की तरफ से बताए गए हर बिंदु को देखा। करीब ढाई घंटे तक चले पोस्टमार्टम के अनुसार खेमचंद्र की मौत का पता नहीं चल सका है।
हेड कांस्टेबल की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ नहीं हुई है। अधिक शराब पीने या हार्ट अटैक से मौत की आशंका की जांच के लिए हार्ट व विसरा सुरक्षित किया गया है। आवारा जानवरों ने खेमचंद्र के शव को नोचा था, इस बात का पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जिक्र है। पुलिस की चार टीमें जांच कर रही हैं। अभी तक खेमचंद्र के साथ किसी आपराधिक वारदात होने की बात सामने नहीं आई है। फिर भी हत्या और हादसे दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है। -श्रवण कुमार सिंह, डीसीपी पूर्वी
बेटे ने एक्स पर किया पोस्ट, पिता की निर्मम हत्या की गई
हेड कांस्टेबल का बेटा मेरठ में प्रशिक्षु दरोगा जितेंद्र वर्मा और दामाद फतेहगढ़ सेंट्रल जेल चौकी प्रभारी धर्मेंद्र परिजनों के साथ शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। जितेंद्र ने कहा कि पिता की निर्मम तरीके से हत्या की गई है। शक जताया कि लेनदेन के विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया है।
जल्द दोषियों को पकड़कर कार्रवाई करेगी पुलिस
साथ ही जितेंद्र ने एक्स पर कानपुर नगर पुलिस, डीजीपी यूपी, योगी आदित्यनाथ व यूपी पुलिस को टैग करते हुए लिखा कि उनके पिता कानपुर रिजर्व पुलिस लाइन में मुख्य आरक्षी थे। गुरुवार रात 12 बजे ड्यूटी कर लौटे और सुबह चार बजे घूमने गए थे। शुक्रवार सुबह पांच बजे भगवत दास घाट नाले पर कुछ लोगों ने उनकी हत्या कर दी। साथ ही चेहरे पर तेजाब डालकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। पुलिस विभाग से आशा करता हूं कि जल्द से जल्द दोषियों को पकड़कर कार्रवाई की जाएगी।