Hardoi Accident: बाइक सवारों को रौंदकर भागा ट्रक, दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत, हेलमेट न लगाना पड़ा भारी
Hardoi News: लोनार थाना क्षेत्र में जगदीशपुर चौराहे पर शनिवार रात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। पुलिस सीसीटीवी के जरिए फरार ट्रक की तलाश कर रही है।
विस्तार
हरदोई जिले में लोनार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर चौराहे पर शनिवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ट्रक चालक ट्रक लेकर भाग गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ट्रक और चालक की तलाश में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, बिलग्राम थाना क्षेत्र के गुरौली गांव निवासी आदेश कुमार (23) बुद्धालाल और उनके चचेरे भाई धीरेंद्र कुमार (25) उर्फ लाखा पुत्र गयालाल शनिवार शाम चार बजे अपने घर से लोनार क्षेत्र के जटौली गांव में अपने बहनोई सौरभ पुत्र रामसहाय के घर आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
हेलमेट नहीं लगाए थे दोनों
देर रात दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हरदोई-सवायजपुर मार्ग पर जगदीशपुर चौराहे पर शाहाबाद की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और हेलमेट न लगाने के कारण दोनों चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची लोनार थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार और रिश्तेदारी के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीसीटीवी कैमरों के आधार पर तलाश जारी
थाना प्रभारी सुनील कुमार मिश्र ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर ट्रक और चालक की तलाश की जा रही है। बता दें कि अपने चचेरे भाई धीरेंद्र कुमार के साथ बहनोई के घर आए आदेश की सोमवार को बीए तृतीय वर्ष की परीक्षा थी और शनिवार को हादसा हो गया।