Hardoi: 'प्रेमिका' की शादी की खबर सुन टूटा दिल, बाग में पेड़ से लटका मिला युवक का शव; गांव में अलग-अलग चर्चाएं
Hardoi News: पिहानी स्थित पंडरवा किला गांव में युवक का शव आम के बाग में पेड़ से लटका मिला, जो एक दिन पहले ही दिल्ली से घर लौटा था। ग्रामीणों के बीच प्रेम प्रसंग और प्रेमिका की शादी से क्षुब्ध होकर आत्महत्या की चर्चा है, जबकि परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताया है।
विस्तार
हरदोई जिले में पिहानी कोतवाली क्षेत्र के पंडरवा किला गांव में सुबह शौच को निकले युवक का शव गांव के बाहर आम के बाग में पेड़ में रस्सी से लटका पाया गया। हादसे को लेकर गांव में अलग अलग चर्चाएं हैं। पंडरवा किला गांव का अतुल (26) पुत्र महेंद्र गांव में दिल्ली में कार्य करता था। पिता महेंद्र ने बताया कि कल शाम को वह दिल्ली से घर आया था।
सुबह सैर के लिए निकला था। सुबह लोगों ने उसका शव गांव के बाहर आम के बाग में रस्सी के सहारे पेड़ से लटका देखा, तो उन्हें सूचना दी। उन्होंने घटना को संदिग्ध बताया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक पांच व एक बहन में सबसे छोटा था।
घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की चर्चा
अतुल की मौत को लेकर गांव में अलग अलग चर्चाएं हैं। आसपास के लोगों ने बताया कि पड़ोसी युवती से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। बिरादरी आड़े आई तो उसके दिल्ली जाते ही परिजनों ने अन्य जगह पर युवती की शादी कर दी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अतुल ने वापस आकर ही जैसे प्रेमिका की शादी की बात सुनीं, तो क्षुब्ध होकर बाग चला गया और वहां फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं, परिजन घटना को संदिग्ध मान कर प्रेमिका के परिजनों पर आरोप लगा रहे हैं। कोतवाल छोटेलाल के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।