Hardoi: 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, चोरी की बाइक और तमंचा बरामद, कई वारदातों में रहा है शामिल
Hardoi News: संडीला कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस को चोरी की बाइक और तमंचा बरामद हुआ है।
विस्तार
हरदोई जिले के संडीला कोतवाली क्षेत्र में संडीला पुलिस टीम ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश शाहरुख पुत्र इश्हाक को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल, एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।
कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि शाहरुख थाना कासिमपुर क्षेत्र में हुई बाइक चोरी की घटना में वांछित था। सोमवार देर रात मुखबिर की सूचना पर संडीला पुलिस ने जब संदिग्धों की तलाश शुरू की, तो बेनीगंज रोड पर जब पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। तभी एक बाइक सवार युवक बेनीगंज की तरफ से आ रहा था।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
युवक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन युवक ने रुकने के बजाय राजकीय पॉलिटेक्निक जाने वाले रास्ते पर भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसका पीछा किया, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे शाहरुख घायल हो गया। इसके बाद नीचे गिर गया।
कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूली
पुलिस ने घायल शाहरुख को तत्काल सीएचसी संडीला पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। पूछताछ में शाहरुख ने स्वीकार किया कि वह थाना कासिमपुर में हुई बाइक चोरी की घटना में शामिल था। साथ ही, उसने पूर्व में कई अन्य आपराधिक वारदातों में भी शामिल होने की बात कबूली है।
