हरदोई: साधुवेश धारी अधेड़ की नृशंस हत्या, तबल और ईंट से चेहरा कूचकर मारा, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
Hardoi News: बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह अतरौली-कोथावा मार्ग पर स्थित दुकानों के बरामदे में साधुवेश धारी एक अज्ञात अधेड़ की धारदार हथियार (तबल) और ईंटों से चेहरा कूचकर निर्मम हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
विस्तार
हरदोई जिले के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अतरौली-कोथावा मार्ग पर स्थित दुकानों के बरामदे में एक साधुवेश धारी अधेड़ की धारदार हथियार और ईंटों से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्यारे ने इतनी बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया कि मृतक का चेहरा पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने आरोपी को वारदात अंजाम देते देख लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिससे आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया गया। जानकारी के अनुसार, रविवार भोर में बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के पाही गांव का रहने वाला एक युवक अतरौली-कोथावा मार्ग पर पहुंचा। वहां दुकानों के बाहर बरामदे में साधु के वेश में एक अधेड़ पर उसने अचानक तबल से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
इसके बाद पास में पड़ी ईंटों से उसके चेहरे को बुरी तरह कूच डाला। राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों ने जब इस सनसनीखेज दृश्य को देखा तो अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर बेनीगंज कोतवाली पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने खून से लथपथ शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की शिनाख्त के प्रयास
मृतक की पहचान जियानखेड़ा निवासी बबलू के रूप में हुई है और यह स्पष्ट हो नहीं हो सका है कि आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम क्यों दिया। बेनीगंज कोतवाली पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। क्षेत्राधिकारी और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना के कारणों का पर्दाफाश कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।