Hardoi: लापता युवक का शव कुएं में मिला, परिजन बोले- शराब का आदी था मृतक, पुलिस ने शुरू की जांच
Hardoi News: बेहंदर कस्बे में लापता युवक का शव गांव के बाहर कुएं में पड़ा मिला है। परिजनों ने बताया कि पत्नी के छोड़ जाने के बाद मृतक शराब का आदी हो गया था। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
हरदोई जिले में कासिमपुर थाना क्षेत्र के मुन्नूखेड़ा गांव में शुक्रवार दोपहर घर से निकले जितेंद्र कुमार (42) का शव शनिवार सुबह गांव के बाहर आम के बाग में एक कुएं में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जितेंद्र कुमार गांव में खेती-किसानी करते थे। परिजनों के अनुसार, एक वर्ष पूर्व उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद से वह शराब के आदी हो गए थे। शुक्रवार दोपहर घर से निकलने के बाद जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी थी।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
शनिवार सुबह परिजनों ने ही उनका शव गांव के बाहर कुएं में पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।