Hardoi Blind Murder: पत्नी के चरित्र पर था शक, दोस्त के साथ मिलकर जला दिया, अधजली हालत में मिला था शव
हरियावां थाना क्षेत्र में खेत में युवती का अधजला शव मिला था। पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया है। महिला की हत्या करने वाला मास्टर मांइड उसका पति ही निकला है। उसने चरित्र पर शक के चलते पत्नी को दोस्त के साथ मिलकर जला दिया था।
विस्तार
हरदोई जिले में हरियावां थाना क्षेत्र में सात जनवरी को जिंदा जलाकर महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार हत्या का मास्टर माइंड पति ही निकला है। पूछताछ में आरोपी ने एक साथी के साथ हत्या करने की बात कबूली है।
उसने बताया कि पत्नी के चरित्र पर उसे शक था। ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि सात जनवरी को हरियावां थाना क्षेत्र के शाहपुर बिनौरा के पास डगरहा पुलिया माइनर की पटरी पर अज्ञात महिला का जला शव मिला था।
मामले के खुलासे के लिए कई टीमों का गठन किया था। मुखबिरों की मदद से जानकारी मिली कि शव मझिला थाना क्षेत्र के रसूलपुर निवासी आफरीन (38) का हो सकता है। पुलिस ने रसूलपुर निवासी अमजद को बुलाकर शिनाख्त कराई गई, तो उसने बेटी के शव की शिनाख्त की।
उन्होंने बताया कि उसकी बेटी आफरीन बेगम उर्फ अफसाना का निकाह 12 साल पहले तसमीर के साथ हुआ था। बताया कि उसकी बेटी तीन वर्ष पूर्व गांव के ही शराफत के साथ चली गई थी। इसके बाद उसका अपनी बेटी से कोई भी संपर्क नहीं हुआ।
अमजद की तहरीर पर शराफत व अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में पता चला था कि शराफत ने एक साथी के साथ मिलकर महिला की हत्या की है। इसके बाद पुलिस टीम को जानकारी मिली कि शराफत शाहाबाद तिराहे पर कहीं भागने की फिराक में खड़ा है। इस पर हरियावां पुलिस ने पहुंचकर शराफत को गिरफ्तार किया।
शराफत ने बताया कि उसको शक था कि आसरीन का किसी अन्य व्यक्ति से भी संबंध है। इस कारण उसने हत्या कर दी। खुलासे के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह व सीओ हरियांवा शिल्पा कुमारी भी मौजूद रहीं।
इस तरह से हत्या की रची थी साजिश
पुलिस की पूछताछ में शराफत ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के लिए वह आसरीन को हरदोई स्थित किराये के मकान से लेकर प्राइवेट वाहन पर गोपामऊ पहुंचा। यहां पर बाइक पर उसका साथी भी पहुंच गया। इसके बाद तीनों एक बाइक पर सवार होकर हरियावां थाना क्षेत्र के डगरहा गांव के पास स्थित पिहानी रजबहा माइनर पर पहुंचे।
शराफत ने बताया कि उसने शौच के बहाने बाइक रुकवाई और फिर घटनास्थल पर आसरीन को जान से मारने की नीयत से हाथ व दुपट्टे से गला दबा दिया। उसे मृत समझने पर पहचान छुपाने के उद्देश्य से दोनों ने मिलकर ज्वलनशील पदार्थ व पराली डालकर आग लगा दी। इसके बाद दोनों मौके से चले गए।
खुलासा करने वाली टीम को मिला 25 हजार रुपये का इनाम
खुलासा करने में स्वाट टीम के साथ हरियावां थानाध्यक्ष केके यादव व उनकी टीम एसओजी प्रभारी बृजेश मिश्रा, सर्विलांस प्रभारी प्रेम सागर टीम व मुखबिरों को भी लगाया गया था। एसपी ने बताया कि जिले में कहीं भी महिला की गुमशुदगी दर्ज नहीं थी। इसलिए यह ब्लाइंड मर्डर पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।