Hamirpur: सोने-चांदी के जेवरात व नकदी ले उड़े टप्पेबाज, दिनहाड़े सराफ की दुकान में चोरी, जांच में जुटी पुलिस
Hamirpur News: पीड़ित दुकानदार ने बताया कि बैग में पांच किलो चांदी, 150 ग्राम सोना और 15 नकदी थी। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित दुकानदार से पूछताछ कर आसपास दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के सहारे आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में दिनदहाड़े दो युवक सराफा की दुकान से सोना-चांदी और नकदी से भरा बैग ले उड़े। सूचना पर आई पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। इसके पूर्व भी कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिनका पुलिस आज तक खुलासा नहीं कर सकी है। कस्बे के मराठी पुरा निवासी मनोज कुमार सोनी की बस स्टैंड के पास आभूषण की दुकान है।
मंगलवार को लगभग दस बजे वह अपनी दुकान पहुंचा और दुकान खोलकर काउंटर में सोने, चांदी व रूपयों से भरा बैग रख दुकान की सफाई करने लगा। इसी दौरान दो अज्ञात युवक उसकी दुकान पर पहुंचे। इसमें एक युवक ने उसके दुकान के बाहर रखी कुर्सी ले जाकर कुछ दूरी पर रख दी तभी दूसरे युवक ने मनोज से युवक द्वारा उसकी कुर्सी ले जाने की बात बताई।
गायब था सोने-चांदी से भरा बैग
इस पर मनोज दुकान की सफाई छोड़ अपनी कुर्सी उठाने पहुंच गया। जब वह कुर्सी लेकर दुकान पर पहुंचा तो उसके काउंटर में रखा सोने-चांदी से भरा बैग गायब था। उसने आसपास दोनों युवकों की तलाश की, लेकिन वह दोनों मौके से रफू चक्कर हो गए। बताया कि बैग में पांच किलो चांदी, 150 ग्राम सोना और 15 नकदी थी।
सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित दुकानदार से पूछताछ कर आसपास दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के सहारे आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी उमेश सिंह ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है, जांच पड़ताल में पुलिस जुटी है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।