हमीरपुर हादसा: टायर फटने से अनियंत्रित हुई ओमनी कार, तीन लोगों को मारी टक्कर, महिला समेत दो की मौत, दो घायल
Hamirpur News: कुरारा कस्बे में मनकी तिराहे के पास तेज रफ्तार ओमनी कार का टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित कार सड़क किनारे मौजूद तीन लोगों को कुचलते हुए निकल गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला और कार चालक घायल हो गए।
विस्तार
हमीरपुर जिले के कुरारा कस्बे में मनकी तिराहे के पास रविवार सुबह ओमनी कार की टक्कर से महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई। हादसे में कार चालक भी घायल हुआ है। पुलिस के अनुसार, कार का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मौजूद तीन लोगों से टकरा गया। हादसे में घायल लोगों को सीएचसी से जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान इमाम (40) की मौत हो गई। वहीं, कानपुर में उपचार के दौरान रुकमनी (46) ने भी दम तोड़ दिया।
कुरारा कस्बे के वार्ड नंबर 10 निवासी इमाम, वार्ड नंबर पांच निवासी रुकमनी और वार्ड नंबर 10 निवासी ममता (42) रविवार सुबह सड़क किनारे मौजूद थीं। इसी दौरान मनकी तिराहे से कुरारा की ओर आ रही ओमनी कार का टायर फट गया। इससे वाहन अनियंत्रित होकर तीनों से टकरा गया। हादसे में तीनों राहगीर और कार चालक विक्की (19), निवासी वार्ड नंबर तीन, कुरारा घायल हो गए।
कार का टायर फटने से अनियंत्रित होने की आशंका
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी कुरारा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान इमाम को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, रुकमनी और ममता को बेहतर उपचार के लिए कानपुर रेफर किया गया। कानपुर में उपचार के दौरान रुकमनी की भी मौत हो गई। इंचार्ज थाना प्रभारी उपनिरीक्षक ब्रजेश के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में कार का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।