Hamirpur Murder: ट्रैक्टर के औजार से महिला की हत्या, पति गंभीर घायल…कानपुर रेफर, जांच में जुटी पुलिस
Hamirpur News: राठ कोतवाली क्षेत्र में ट्रैक्टर के औजार से महिला की हत्या कर दी गई। घटना में पति गंभीर घायल हो गया, जिसे कानपुर रेफर कर दिया गया।
विस्तार
हमीरपुर जिले में राठ कोतवाली क्षेत्र के चिल्ली गांव में बृहस्पतिवार देर रात ट्रैक्टर के औजार से प्रहार कर महिला की हत्या कर दी गई। घटना में पति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस और डॉग स्क्वायड ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। चिल्ली निवासी अनिल राजपूत (29) अपनी पत्नी गीता (26) बेटी शानवी (3) के साथ बृहस्पतिवार रात में सो रहे थे। तभी रात करीब एक बजे किसी ने ट्रैक्टर की टॉपलिंग (ट्रैक्टर को कल्टीवेटर से जोड़ने वाला औजार) से हमला कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
इसमें गीता की मौके पर ही मौत हो गई। अनिल राजपूत को सीएचसी से कानपुर रेफर कर दिया। परिजनों ने आशंका जताई है कि गांव में लगातार चोरियां हो रही है। चोरों ने ही पहचान करने पर हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा सहित डॉग स्क्वायड टीम मौके पर पहुंची हैं।