Hamirpur: खेत में पड़ा मिला महिला का अधजला शव, शिनाख्त नहीं…दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, जांच शुरू
Hamirpur News: मौदहा कोतवाली क्षेत्र के रीवन गांव में एक खेत से एक महिला का अर्द्धनग्न और अधजला शव मिला है। बाएं हाथ पर ओम और गायत्री लिखा मिला है। ग्रामीणों ने दुष्कर्म के बाद हत्या कर चेहरा जलाने की आशंका जताई है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में मौदहा कोतवाली अंतर्गत रीवन गांव में एक खेत के पास एक महिला का अर्द्धनग्न अवस्था में अधजला शव मिला है। ग्रामीणों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। कोतवाली क्षेत्र के कृषि उत्पादन मंडी समिति के नजदीक सोमवार को चरवाहों ने एक शव पड़ा देखा। शव की सूचना पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
ग्राम प्रधान की सूचना पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। महिला के शव में हरे रंग की साड़ी मिली। बाएं हाथ की हथेली के पिछले हिस्से में ओम तथा व बाएं हाथ की कलाई पर हिंदी अक्षरों से गायत्री लिखा मिला। महिला के दोनों हाथों में चूड़ी व दोनों पैरों में पायल व बिछियां मिली है। पुलिस के अनुसार उम्र लगभग 25 से 32 वर्ष के बीच है।
शव की शिनाख्त के प्रयास जारी
ग्रामीणों ने महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद पहचान छिपाने के ल िए उसका चेहरा जलाकर उसे अर्द्धनग्न अवस्था में खेतों में फेंके जाने की आशंका जताई है। क्षेत्राधिकारी मौदहा विनीता पहल ने बताया कि शव का चेहरा जला है। शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। कोतवाल उमेश सिंह ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या कैसे की गई, इसकी जानकारी हो सकेगी। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे है।