Hamirpur: छोटे ने बड़े भाई को मौत के घाट उतारा, शराब पीने के बाद दोनों के बीच हुआ था झगड़ा, आरोपी हिरासत में
यूपी के हमीरपुर में छोटे ने बड़े भाई की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
विस्तार
थानाक्षेत्र के मौहर गांव निवासी कामता श्रीवास ने बताया कि उसके पुत्र धर्मेंद्र उर्फ धर्मपाल (32) व भूपेंद्र (28) शराब पीकर आपस में झगड़ा करने लगे। पत्नी शांति दोनों को झगड़ा करने से रोकती रही। लेकिन दोनों भाइयों में विवाद इतना बढ़ा कि घर के सामने मंदिर के बगल में शाम करीब पांच बजे अपनी मां शांति की मौजूदगी में ही छोटे भाई भूपेंद्र ने बड़े भाई धर्मेंद्र पर पत्थर से वार कर दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
नशे की लत से परेशान पत्नी तीन साल से नहीं रह रही साथ
मृतक धर्मेंद्र की शराब पीने की लत से परेशान होकर उसकी पत्नी पूजा करीब तीन वर्ष पूर्व दोनों बच्चों को लेकर अपने मायके लवकुश नगर जिला छतरपुर (म.प्र.) चली गई थी। घर पर धर्मेंद्र व भूपेंद्र के साथ माता पिता ही रहते थे। माता-पिता भी इनके रोजाना शराब पीकर झगड़े से परेशान रहते थे। परिजनों ने घटना की सूचना पत्नी पूजा को दी है। लेकिन अभी तक मौके पर नहीं पहुंची है।