हंसी के ठहाकों के बीच संगीत की महफिल सजाएगी गुंतास
गुंतास की रॉक स्टार आवाज कार्यक्रम में आने वाले हर सेलिब्रेटी को प्रभावित कर रही है। कोच शान ने विजेता बनने से पहले ही गुंतास को बेहतरीन सिंगर का तमगा दिया है। रियलिटी शो 'द वॉयस इंडिया किड्स' में कानपुर की गुंतास ने टॉप-10 में अपनी जगह बना ली है।
कानपुर के रंजीत नगर निवासी हरप्रीत सिंह की बेटी गुंतास 'द वॉयस इंडिया किड्स' में कानपुर ही नहीं उत्तर प्रदेश का भी प्रतिनिधित्व कर रहीं हैं। सैकड़ों टैलेंटेड बच्चों को पीछे कर गुंतास ने अपनी बेहतरीन गायकी का लोहा मनवाया है। शान की टीम में होने के बावजूद गुंतास अन्य जज सिंगर हिमेश रेशमिया, पपोन और पलक की भी चहेती बनी है।
गुंतास के पिता हरप्रीत सिंह शास्त्री नगर में एक स्कूल चलाते हैं और मां गुरुविंदर कौर स्कूल की प्रिंसिपल हैं। गुंतास ने शनिवार को आए एपिसोड में 'मिट्ठे पान दी गिलोरी आली रे' और 'एक ओंकार सतनाम...' का मूलमंत्र पाठ गाकर दर्शकों का दिल जीत लिया।
गुंतास और उसका बड़ा भाई अर्जुनवीर सिंह दोनों का ही रुझान बचपन से ही गायकी की तरफ रहा। ढाई लाख बच्चों के ऑडिशन के बाद चयनित हुई शहर के रंजीत नगर में रहने वाले हरप्रीत सिंह और गुरविंदर कौर की बेटी 14 वर्षीय गुंतास ने लंबा सफर तय करते हुए टॉप-10 में अपनी जगह बना ली है।