Monkey Murder: बंदर को गोली मारने वाला गार्ड गिरफ्तार, बोला- महज हादसा था, झुंड को भगाने के लिए किया था फायर
Kanpur News: थाना प्रभारी जगदीश पांडेय ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर सिक्योरिटी गार्ड अखंड प्रताप को गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, सिक्योरिटी गार्ड ने बताया कि घटना वाले दिन बंदरों का झुंड छत पर ऊधम मचा कर रहा था। झुंड को भगाने के लिए एयरगन से फायर किया था।
विस्तार
कानपुर में नौबस्ता पुलिस ने बंदर की हत्या करने वाले सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एयरगन भी सील कर दी है। किदवईनगर वाई-ब्लॉक निवासी सिक्योरिटी गार्ड अखंड प्रताप सिंह ने 16 जनवरी को एयरगन से गोली मारकर बंदर की हत्या कर दी थी।
शव घर के सामने बरगद के पेड़ के पास दफना दिया था। पड़ोसी अंजनी मिश्रा ने विरोध किया तो सिक्योरिटी गार्ड ने साथियों संग मिलकर पीट दिया था। थानाप्रभारी जगदीश पांडेय ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर सिक्योरिटी गार्ड अखंड प्रताप को गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने मामले में पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियत समेत अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर लिया था। थाना प्रभारी जगदीश पांडेय ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी सिक्योरिटी गार्ड अखंड प्रताप को गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
बंदरों की झुंड भगाने के लिए किया था फायर
पकड़े गए सिक्योरिटी गार्ड ने पूछताछ में बताया कि उसने जानबूझ कर बंदर को गोली नहीं मारी थी। वह महज हादसा था। दरअसल घटना वाले दिन बंदरों की एक झुंड छत पर उधम मचा कर रहा था। झुंड को भगाने के लिए उसने एयरगन से फायर किया था, लेकिन गोली एक बंदर को जा लगी। जिसके चलते उसकी मौत हो गई थी। जिसके बाद उसने बंदर को घर के सामने ही दफना दिया था।