Kanpur: अच्छा कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों पर होगी धनवर्षा, सर्वोच्च अंक पाने वाली पंचायतें होंगी पुरस्कृत
Kanpur News: जनपद से आवेदन ग्राम पंचायतों में से 200 अंक वाली ग्राम पंचायतों का डाटा राज्य को भेजा गया है। वहां से सूची केंद्र भेजी जाएगी। इसके बाद सर्वाधिक अंक के आधार पर प्रत्येक विषय में सर्वोच्च अंक पाने वाली पंचायतों का चयन कर पुरस्कृत किया जाएगा।
विस्तार
कानपुर में अच्छा काम करने वाली ग्राम पंचायतों पर धन वर्षा होगी। पंचायती राज मंत्रालय की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार योजना का संचालन किया जा रहा है। इस क्रम में राष्ट्रीय स्तर पर देशभर से 51 ग्राम पंचायतों का चयन किया जाना है। चयन पंचायत डेवलपमेंट इंडेक्स (पीडीआई) के आधार पर किया जाएगा। जिले की करीब 550 ग्राम पंचायतों ने आवेदन किया है। इनमें सर्वाधिक अंक वाली ग्राम पंचायतें विषयवार पुरस्कार के लिए पात्र होंगी।
पंचायत विकास सूचकांक (पीडीआई) पोर्टल पर डाटा फीड किया गया है। 206 डाटा प्वाइंट के आधार पर 142 प्रश्नों के उत्तर पोर्टल पर पोर्ट हो चुके हैं। नौ विषयों (थीम) के आधार पर पंचायतों को पुरस्कृत किया जाना है। आवेदनों के बाद ब्लॉक पंचायत परफॉरमेंस असेसमेंट कमेटी एवं जिला पंचायत परफॉरमेंस असेसमेंट कमेटी द्वारा ग्राम पंचायतों को अवरोही क्रम में जनपद को अग्रसारित करने हेतु प्रत्येक विषय में सर्वोच्च अंक पाने वाली तीन ग्राम पंचायतों का स्थलीय सत्यापन करेंगे।
इन थीम के आधार पर मिलेगा पुरस्कार
गरीबी मुक्त एवं बेहतर आजीविका वाली पंचायत, स्वस्थ पंचायत, वाल मैत्री पंचायत, पर्याप्त जलयुक्त वाली पंचायत, स्वच्छ एवं हरित पंचायत, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचे युक्त पंचायत, न्याय संगत एवं सामाजिक रूप से सुरक्षित पंचायत, सुशासित पंचायत, महिला हितैषी पंचायत।
पुरस्कार की श्रेणियां
दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार (डीडीयूपीएसवीपी), राष्ट्रीयस्तर पुरस्कारों में।
नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार (एनडीएसपीएसवीपी), विशेष पुरस्कार में।
पुरस्कार राशि
ग्राम पंचायत स्तर पर (डीडीयूपीएसवीपी)
प्रथम पुरस्कार 1 करोड़ रुपये, द्वितीय पुरस्कार 75 लाख रुपये, तृतीय पुरस्कार 50 लाख रुपये
ग्राम पंचायत स्तर पर (एनडीएसपीएसवीपी)
प्रथम पुरस्कार 1.50 करोड़ रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1.25 करोड़ रुपये, तृतीय पुरस्कार 1 करोड़ रुपये
क्षेत्र पंचायत स्तर पर (एनडीएसपीएसवीपी)
प्रथम पुरस्कार 2 करोड़ रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1.75 करोड़ रुपये, तृतीय पुरस्कार 1.50 करोड़ रुपये
जिला पंचायत स्तर पर (एनडीएसपीएसवीपी)
प्रथम पुरस्कार 5 करोड़ रुपये, द्वितीय पुरस्कार 3 करोड़ रुपये, तृतीय पुरस्कार 2 करोड़ रुपये
जनपद से आवेदन ग्राम पंचायतों में से 200 अंक वाली ग्राम पंचायतों का डाटा राज्य को भेजा गया है। वहां से सूची केंद्र भेजी जाएगी। इसके बाद सर्वाधिक अंक के आधार पर प्रत्येक विषय में सर्वोच्च अंक पाने वाली पंचायतों का चयन कर पुरस्कृत किया जाएगा। -मनोज कुमार, डीपीआरओ