बहुत सी महिलाओं में कुछ न कुछ बनाने का हुनर होता है। वो इसे व्यवसायिक रूप देना चाहती हैं, लेकिन उचित बाजार न मिलने की वजह से उनके हुनर या उद्यमशीलता को बेहतर प्लेटफार्म नहीं मिल पाता। इसी कमी को दूर करने के लिए सरकार ने महिला ई-हाट नाम से ऑनलाइन बिक्री का प्लेटफार्म तैयार किया है।
महिलाएं इस पोर्टल के जरिये घर पर बनाए उत्पाद का घर बैठे ही बिजनेस कर सकती हैं। इसके लिए उन्हें किसी को कोई शुल्क भी नहीं देना होगा। ‘महिला ई-हाट’ पोर्टल को कुछ समय पहले केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से तैयार कराया गया था। उद्योग विभाग के अधिकारी बताते हैं कि महिला उद्यमियों के उत्पादों की बिक्री का यह अच्छा तरीका है।
ऑनलाइन प्लेटफार्म पर आने से उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बाजार मिलता है। इस पोर्टल पर बिजनेस के लिए पहले रजिस्ट्रेशन कराना होता है। महिलाएं स्वयं भी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकती हैं। इसके लिए आधार नंबर जरूरी होता है और पूछी गई सूचनाएं भरनी होती हैं। सरकार ने महिलाओं को इस पोर्टल से जोड़ने की जिम्मेदारी जिला उद्योग केंद्रों को सौंपी है।
ऐसे शुरू करें बिजनेस
सभी तरह की सूचनाएं भरने के बाद रजिस्ट्रेशन हो जाता है। इसके बाद यूजर आईडी और पासवर्ड मिलता है, ताकि आप अपना एकाउंट मेनटेन कर सकें। एकाउंट चालू होेते ही उसमें उत्पाद की फोटो डालें और उसकी कीमत लिखें। उत्पाद का विवरण, उसकी खासियत आदि बता सकें तो और अच्छा। यदि किसी खरीदार को आपका उत्पाद पसंद आता है तो वह वेबसाइट पर दिए गए आपके मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी पर सीधे संपर्क कर सकता है। इस पोर्टल पर ऑनलाइन भुगतान की भी सुविधा है।
यहां करें रजिस्ट्रेशन
http:/mahilaehaat-rmk.gov.in/en/join-us
कानपुर में महिला उद्यमिता
- 10,000 महिलाएं हस्तशिल्प, ज्वैलरी व सजावटी सामान के उत्पादों का निर्माण करती हैं।
- 50,000 महिलाएं सिलाई, कढ़ाई, बुटीक व फैशन इंडस्ट्री में।
- 10,000 महिलाएं चॉकलेट, अचार, नमकीन, सब्जी मसाला, सेनेटरी नैपकीन, प्लास्टिक उत्पाद के क्षेत्र में।