ड्रम में डूबने से बच्ची की मौत: छत पर धूप सेंकती रही मां, खेलते समय गिरी ढाई वर्षीय मासूम, तड़प-तड़प कर टूटा दम
रावतपुर थाना क्षेत्र में खेलते समय पानी के ड्रम में डूबकर एक ढाई वर्षीय मासूम की मौत हो गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
विस्तार
कानपुर में रावतपुर के हितकारीनगर में घर में खेलते समय पानी के ड्रम में डूबकर एक ढाई वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मासूम की बड़ी मां ने मासूम में पानी में डूबा देखा को उनकी चीख निकल गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
हितकारीनगर निवासी जितेंद्र आईटीआई करके गुजरात में नौकरी करते हैं। घर में उनकी पत्नी ज्योति व एक ढाई वर्षीय मासूम बेटी लक्ष्मी है। बड़े भाई धर्मेंद्र ने बताया कि उनका दो मंजिला मकान है। इसमें नीचे भाई जितेंद्र और उसका परिवार रहता है, जबकि वह मकान के प्रथम तल पर अपनी पत्नी रेखा के साथ रहते हैं।
छत पर धूप सेंक रही थी मां
धर्मेंद्र ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे उसके बाबा ओम प्रकाश ने दुकान से लक्ष्मी को चॉकलेट दिलाने के बाद घर में छोड़ दिया था। मासूम की मां ज्योति छत पर धूप सेंक रही थी। इस बीच मासूम धीरे-धीरे करके किसी तरह पहली मंजिल पहुंच गई।
यहां पानी से भरे ड्रम में वह खेलते-खेलते डूब गई। तभी धर्मेंद्र की पत्नी रेखा छत से उतरकर अपने कमरे की ओर जाने लगी, तो देखा कि लक्ष्मी सिर के बल पानी में डूबी हुई है। रेखा ने पैर खींचकर उसे बाहर निकाला और शोर मचाया। इससे परिजनों में अफरा तफरी मच गई।
थाना प्रभारी ने गले लगाकर दी सांत्वना
परिजन पड़ोसियों की मदद से उसे हैलट ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे रावतपुर थाना प्रभारी संजय शुक्ला ने मासूम के परिजनों को गले लगाकर सांत्वना दी।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
12 अक्तूबर 2022 : नारायणपुरी में बच्चों के साथ खेल रहे छह वर्षीय मासूम की सेफ्टिक टैंक में गिरकर मौत।
3 अक्तूबर 2022 : सजेती के भटपुरवा गांव में खेलते खेलते पानी भरी बाल्टी में गिरने 14 माह के मासूम अयांश की मौत।