Kanpur: कल से दक्षिण के पौने तीन लाख लोगों को नहीं मिलेगा पानी, गुजैनी वाटर वर्क्स से दो दिन बंद रहेगी आपूर्ति
Kanpur News: गुजैनी वॉटर वर्क्स से पानी की आपूर्ति बंदकर यह कार्य कराया जाएगा। इस वजह से दो दिन बर्रा-एक से सात. रतनलालनगर, दबौली, गुजैनी, साकेतनगर, भूत बंगला वर्ग-2 आदि क्षेत्रों में आंशिक रूप से जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
विस्तार
कानपुर में बर्रा-7 और शास्त्रीचौक में गुरुवार से पाइप लाइन शिफ्टिंग का कार्य शुरू किया जाएगा। इस कारण जलकल के गुजैनी वाटर वर्क्स से पानी की आपूर्ति 27 और 28 मार्च को नहीं होगी। करीब पौने तीन लाख की आबादी प्रभावित होगी। कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8) में निर्माण कार्य चल रहा है। इसके तहत बर्रा-7 व शास्त्रीचौक मेट्रो स्टेशन के परिक्षेत्र के अंतर्गत 600 एमएम व्यास की पाइप लाइन को डायवर्ट करा मुख्य पाइप लाइन से जोड़ने का कार्य मेट्रो कराएगा।
गुजैनी वॉटर वर्क्स से पानी की आपूर्ति बंदकर यह कार्य कराया जाएगा। इस वजह से दो दिन बर्रा-एक से सात. रतनलालनगर, दबौली, गुजैनी, साकेतनगर, भूत बंगला वर्ग-2 आदि क्षेत्रों में आंशिक रूप से जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। साथ ही उस्मानपुर क्षेत्र में पूर्ण रूप से जलापूर्ति ठप रहेगी। जलकल के अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार शाम से गुजैनी वाटर वर्क्स से पानी की आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
इन इलाकों में जलकल के करीब दस नलकूप हैं। गुजैनी वाटर वर्क्स से आपूर्ति बंद होने के दौरान इन सभी को 12 घंटे चलाकर लोगों को पानी मुहैया कराया जाएगा। साथ ही टैंकरों से भी पानी पहुंचाया जाएगा। -रामेंद्र पांडे, एक्सईएन, जोन-5, जलकल