{"_id":"6b01ce124a71282a9603ba46","slug":"fraudster-with-a-20-000-bounty-wanted-for-a-60-lakh-scam-arrested-in-rajasthan-2026-11-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"कानपुर: 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी का 20 हजार का इनामिया ठग राजस्थान से गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कानपुर: 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी का 20 हजार का इनामिया ठग राजस्थान से गिरफ्तार
Sat, 21 Nov 2026 10:31 PM IST
Shikha Pandey
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
Published by: Shikha Pandey
Updated Sat, 21 Nov 2026 10:31 PM IST
सार
Kamnpur News: आरोपी तीन साल से फरार था। व्यापार बढ़ाने के नाम पर रुपये चेक व नकद में लिए थे। मामला कलक्टरगंज का है।
विज्ञापन
सज्जन कुमार बाहेती
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
व्यापार बढ़ाने का झांसा देकर 60 लाख रुपये से अधिक की रकम लेने और वापस मांगने पर धमकी देकर फरार होने के मामले में कलक्टरगंज पुलिस ने तीन साल से वांछित चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बीकानेर के गंगाशहर स्थित शिववैली निवासी 66 वर्षीय सज्जन कुमार बाहेती (माहेश्वरी) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 19 नवंबर को बीकानेर स्थित उसके घर के सामने से गिरफ्तार किया। 20 नवंबर को स्थानीय अदालत से 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस उसे कानपुर लेकर आई। शनिवार को उसे न्यायालय में पेश किया।
विज्ञापन
कैंट के शांति नगर निवासी विजय प्रकाश माहेश्वरी ने अगस्त 2023 में कलक्टरगंज थाने में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट, गालीगलौज और धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार सज्जन कुमार बाहेती का पुरानी दाल मंडी स्थित केनरा बैंक बिल्डिंग में कार्यालय था। उसने व्यापार बढ़ाने के नाम पर विजय प्रकाश से रुपये उधार मांगे थे। सामाजिक परिचय होने के कारण विजय प्रकाश ने खुद और अपने परिचितों से रकम जुटाकर आरोपी को करीब 60 लाख रुपये चेक के माध्यम से दिए थे। इसके अलावा कुछ रकम नकद भी दी गई थी। आरोप है कि जब विजय प्रकाश और उनके परिचितों ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने उनके साथ गालीगलौज और अभद्रता की।
विज्ञापन
धक्कामुक्की करने के साथ ही जान से मारने की धमकी दी। उसने साफ कह दिया कि किसी को एक रुपया भी वापस नहीं देगा। दोबारा रुपये मांगने पहुंचने पर पता चला कि आरोपी कानपुर छोड़कर फरार हो गया है। कलक्टरगंज इंस्पेक्टर संजीव कुमार सिंह के अनुसार आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बच रहा था। काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चलने पर डीसीपी पूर्वी ने 27 फरवरी 2026 को उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद कलक्टरगंज पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी थी।
विज्ञापन
