Orai: पुलिस मुठभेड़ में चौथा शार्प शूटर गिरफ्तार, पूर्व प्रधान को मारी थी गोली, तीन पहले हो चुके हैं गिरफ्तार
Orai News: पुलिस रिपोर्ट के अनुसार अभियुक्त लक्ष्मण पर सबसे ज्यादा झांसी के समथर थाने में हत्या, अपहरण और जान से मारने की नीयत से हमला करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज है। मध्य प्रदेश के दतिया में भी गोली से जान लेवा हमला करना, भिंड में अपहरण की वारदात भी की है। करीब 12 मुकदमें दर्ज हैं।
विस्तार
उरई में शहर कोतवाली क्षेत्र में चार महीने पहले पूर्व प्रधान पर गोली मारकर हमला करने वाला चौथा शूटर भी बुधवार को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। उसके पैर में गोली लगी है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, अभी भी मास्टरमाइंड पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
एएसपी असीम चौधरी ने बताया कि झांसी के समथर का रहने वाला शूटर लक्ष्मण ढीमर पूर्व में धनसिंह की गैंग का सक्रिय सदस्य रहा है। 12 अगस्त को शहर कोतवाली के तुलसी नगर में कुठौंदा के पूर्व प्रधान संजय राजपूत को जान से मारने नीयत से गोली मारी गई थी। इसमें चार शूटर शामिल थे। तीन को वारदात के बाद पकड़ लिया था।
लक्ष्मण फरार था, जिस पर 25 हजार का इनाम रखा गया। बुधवार को इस चौथे शूटर के अपने साथियों से मिलने आने की जानकारी मुखबिर से हुई। करमेर रोड पर चेकिंग के दौरान एसओजी के साथ सर्विलांस, जालौन व कोतवाली उरई की संयुक्त टीम ने जब बाइक से आ रहे संदिग्ध को रोकने की कोशिश की, तो वह भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में उसके पैर पर गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
झांसी, दतिया, भिंड में हत्या और अपहरण जैसी कर चुका है वारदातें
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार अभियुक्त लक्ष्मण पर सबसे ज्यादा झांसी के समथर थाने में हत्या, अपहरण और जान से मारने की नीयत से हमला करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज है। मध्य प्रदेश के दतिया में भी गोली से जान लेवा हमला करना, भिंड में अपहरण की वारदात भी की है। करीब 12 मुकदमें दर्ज हैं।
पति को मारने के लिए दी थी आठ लाख की सुपारी
शहर कोतवाली क्षेत्र में पूर्व प्रधान संजय राजपूत की हत्या करवाने के लिए सुपारी उसकी पत्नी अंजलि ने दी थी। दतिया जिले के भांडेर थाना क्षेत्र के हाजी पाठा निवासी अपने पुरुष मित्र उपेंद्र कुमार यादव उर्फ मोनू के जरिए शूटर्स से संपर्क आठ लाख रुपये की सुपारी दी और चार लाख रुपये एडवांस दिए। शूटरों में शामिल लक्ष्मण ने तीन दिन रैकी की।
शातिर लक्ष्मण और मास्टर माइंड उपेंद्र पुलिस की गिरफ्त से दूर
12 अगस्त की सुबह टहलने के दौरान संजय राजपूत पर बाइक से आए शूटर ने गोली मारी। कानपुर के अस्पताल में उनका इलाज हुआ, हालांकि डाक्टर ने उन्हें बचा लिया। पत्नी अंजलि के साथ मध्य प्रदेश के दतिया जिला के पंडोखर थाना क्षेत्र के नादिया निवासी शूटर विनोद केवट, दतिया जिले के भांडेर थाना क्षेत्र के काजी पाठा निवासी जितेंद्र केवट, झांसी जिले के समथर थाना क्षेत्र के मोहल्ला कटरा निवासी रविंद्र माली उर्फ ड्राइवर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शातिर लक्ष्मण और मास्टर माइंड उपेंद्र पुलिस की गिरफ्त से दूर थे।