Kanpur: एचबीटीयू में अगले सत्र से शुरू होंगे चार नए कोर्स, गेट व सीयूईटी से 30-30 सीटों पर मिलेगा प्रवेश
Kanpur News: कुलपति प्रो. समशेर ने कहा कि स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग की काफी डिमांड रही है। इसमें हाईवे, पुलों को डिजाइन करना सिखाया जाएगा।
विस्तार
कानपुर में हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एचबीटीयू) में अगले सत्र से एमटेक और एमएससी में चार नए कोर्स शुरू होंगे। सिविल इंजीनियरिंग में एमटेक इन स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रानिक्स में सिग्नल प्रोसेसिंग एंड मशीन लर्निंग की शुरुआत होगी। स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल में एमएससी इन बायोटेक्नोलॉजी और एमएससी इन बायोकेमिस्ट्री शुरू होगा।
यह फैसला सोमवार को संस्थान में हुई एकेडमिक काउंसिल की बैठक में लिया गया। बैठक में प्रो. ललित कुमार सिंह को स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल का डीन बनाया गया है। उनके पास डीन एकेडमिक्स का भी चार्ज है। छात्रों की बेहद मांग पर संस्थान ने इन चार नए कोर्स की शुरुआत की है। यह चारों कोर्स 2025-26 सत्र से शुरू होंगे। सिविल इंजीनियरिंग में एमटेक इन स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रानिक्स में सिग्नल प्रोसेसिंग एंड मशीन लर्निंग में 30-30 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
30-30 सीटों पर दिया जाएगा प्रवेश
इसमें प्रवेश पहले गेट के स्कोर के आधार पर मिलेगा। सीटें बचने पर सीयूईटी पीजी के स्कोर और फिर प्रवेश परीक्षा के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। वहीं, स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल में एमएससी इन बायोटेक्नोलॉजी और एमएससी इन बायोकेमिस्ट्री में भी 30-30 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इनमें सीयूईटी पीजी के स्कोर के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। एमटेक के लिए 80,000 रुपये और एमएससी के लिए 60 हजार रुपये फीस निर्धारित की गई है।
नए सत्र से हो जाएगी शुरुआत
कुलपति प्रो. समशेर की अध्यक्षता में हुई बैठक में इसे पास भी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग की काफी डिमांड रही है। इसमें हाईवे, पुलों को डिजाइन करना सिखाया जाएगा। वहीं, सिग्नल प्रोसेसिंग में मोबाइल, रेडियो फ्रीक्वेंसी पर कार्य किया जाएगा। वहीं, पिछले सत्र में लागू बी फार्मा का अध्यादेश भी पारित कर दिया है। डीन एकेडमिक्स प्रो. ललित कुमार सिंह ने कहा कि चार नए कोर्स पर मुहर लग गई है। नए सत्र से इसकी शुरुआत हो जाएगी।