Etawah News: फरसा मारकर पूर्व प्रधान की हत्या, जमीन के एग्रीमेंट को लेकर था विवाद, जांच में जुटी पुलिस
सैफई थाना क्षेत्र में बुधवार को जमीन के एग्रीमेंट को लेकर विवाद में पूर्व प्रधान की हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
विस्तार
इटावा जिले के सैफई थाना क्षेत्र में रात करीब साढ़े आठ बजे खेत पर पौध देखने गए पूर्व प्रधान की जमीन के विवाद में फरसा से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी गई। सूचना पर एसएसपी, एसपी देहात ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। फोरेंसिक टीम और डॉग् स्कावयड की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।
थाना क्षेत्र के ग्राम लाड़मपुर 2005 में प्रधान रह चुके रामकिशन (65) पुत्र गंगाराम बुधवार शाम पास के गांव महोटी में दावत खाने गए थे। परिजनों के अनुसार, वह करीब आठ बजे वहां से लौटने के बाद गांव स्थित अपने खेत पर पौध देखने चले गए।
इस बीच करीब साढ़े आठ बजे पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर फरसे से हमला कर दिया। सिर पर फरसा मारने से प्रधान की मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर सैफई थाना प्रभारी रमेश सिंह सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अपने आलाधिकारियों को घटना की सूचना दी।
इस पर एसएसपी जयप्रकाश सिंह, एसपी देहात सत्यपाल सिंह समेत क्राइम ब्रांच व फोरेंसिक टीम व डॉग स्कावयड बुलाकर घटना स्थल से साक्ष्य जुटाएए हैं। परिजनों ने दस साल पहले के एक्सप्रेस वे के पास पड़ी जमीन के विवाद में हत्या करने का आरोप लगाया है। एसपी देहात सत्यपाल सिंह ने बताया कि सिर में फरसा मारकर हत्या की गई है। परिजन जमीन के विवाद में हत्या की बात कह रहे हैं। घटनास्थल का मुआयना कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
जमीन के एग्रीमेंट को लेकर था विवाद
पूर्व प्रधान का हीरापुर गांव के एक ग्रामीण से एक्सप्रेसवे के पास पड़ी जमीन पर एग्रीमेंट को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों के अनुसार, आरोपी कई बार धमकियां दे चुका था। बुधवार को मौका पाकर उसने हत्या कर दी।