RSWS: रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज का पहला मैच आज, ग्रीनपार्क में भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें भिड़ेंगी
रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज का आगाज आज से होने जा रहा है। ग्रीनपार्क में होने वाले पहले मैच में भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें आमने-सामने होंगी। बता दें कि टी-20 टूर्नामेंट का आयोजन ग्रीनपार्क में 10 से 15 सितंबर के मध्य होने जा रहा है। इसके बाद अन्य मुकाबले इंदौर, देहरादून व रायपुर में खेले जाएंगे।
विस्तार
कानपुर में रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज टी-20 मैच का पहला मुकाबला शनिवार को ग्रीनपार्क में इंडिया लीजेंड्स व दक्षिण अफ्रीका लीजेंड्स के बीच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। शुक्रवार को बांग्लादेश के खिलाड़ियों ने सुबह के सत्र में पिच नंबर एक पर अभ्यास कर जमकर पसीना बहाया।
शाम के सत्र में इंडिया लीजेंड्स टीम के खिलाड़ियों ने दूधिया रोशनी में अभ्यास किया। मुकाबले को लेकर शुक्रवार देर रात तक तैयारियां चलती रहीं। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने पूरे परिसर को घेर लिया है। दोनों टीमों के खिलाड़ी शाम चार बजे ग्रीनपार्क पहुंच जाएंगे। दोनों टीमें एक घंटे तक अभ्यास करेंगी। शाम को सात बजे पिच नंबर पांच पर टॉस किया जाएगा।
सचिन व मुख्य सचिव ने विजिटर गैलरी की सराहना की
कानपुर। ग्रीनपार्क में बनी नवनिर्मित विजिटर गैलरी का शुक्रवार को सचिन तेंदुलकर व मुख्य सचिव दुर्गाशंकर ने निरीक्षण किया और सराहना की। सचिन सबसे पहले पहली मंजिल पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने ग्रीनपार्क पर बनी लघु फिल्म भी देखी।
20 मिनट तक गैलरी देखने के बाद वह नीचे बने कैफे में आए। सचिन ने कहा कि इस गैलरी में आने के बाद कई यादें ताजा हो गई हैं। उन्होंने खेल विभाग और प्रशासन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यदि हर स्टेडियम में ऐसी गैलरी बने तो नई पीढ़ी पुराने खिलाड़ियों से रूबरू हो सकेगी।
ये हैं मैच के शेड्यूल
10 सितंबर को इंडिया बनाम दक्षिण अफ्रीका
11 सितंबर को बांग्लादेश बनाम वेस्टइंडीज
11 सितंबर को श्रीलंका बनाम आस्ट्रेलिया
12 सितंबर को न्यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका
13 सितंबर को इंग्लैंड बनाम श्रीलंका
14 सितंबर को इंडिया बनाम वेस्टइंडीज
15 सितंबर को बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड