Auraiya: मजदूर की झोपड़ी में लगी आग, नकदी समेत गृहस्थी जलकर राख, मां-बेटा झुलसे और दो बकरियां मरी
Auraiya News: क्षेत्रीय लेखपाल पंकज ने बताया की नुकसान का आंकलन करके रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी, ताकि पीड़ित मजदूर को आर्थिक मदद मिल सके।
विस्तार
औरैया जिले में फफूंद क्षेत्र के गांव भैंसोल में गुरुवार एक झोपड़ी में अज्ञात कारणों से लगी आग में नगदी समेत पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। वहीं, चपेट में आईं दो बकरियां भी जलकर मर गईं। आग लगते देख परिजनों के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों की मदद से पीड़ित ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन जब तक आग बुझती तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था।
आग में पीड़ित की तीन बकरियां बुरी तरह से झुलस गई हैं। वहीं बकरियों व गृहस्थी को बचाने में मां-बेटा के हाथ झुलस गए। लोगों ने उन्हें एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। भैंसोल निवासी रविंद्र कुमार बेहद गरीब है। वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता है। गुरुवार की रात वह पत्नी नम्रता और मां राधारानी के साथ अपनी झोपड़ी में सो रहा था।
रविंद्र ने पत्नी और मां को जगाकर बाहर निकाला
तभी रात लगभग बारह बजे उसे गर्मी महसूस हुई। इस पर उसकी आंख खुल गई, तो देखा की झोपड़ी में आग की लपटे उठ रहीं हैं। यह देख रविंद्र ने पत्नी और मां को जगाकर बाहर निकाला। साथ ही झोपड़ी में बंधी पांच बकरियों को निकालने के लिए जलती झोपड़ी में घुसकर उन्हें बाहर निकालने लगा। मां भी बकरियों को बचाने में जुट गई। इस बीच आग की चपेट में आकर दो बकरियां मर गईं।
कड़ी मशक्कत के बाद आग काबू पाया
वहीं, तीन बकरियां झुलस गईं। उन्हें बचाने में रविंद्र व उसकी मां राधारानी के हाथ झुलस गए। आग लगने से हुए शोरगुल सुनकर तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जहां पीड़ित ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया, लेकिन तब तक वहां रखी आठ हजार की नकदी, गेहूं, चावल और गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया था।
आंकलन करके रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी
उन्होंने बताया कि आग से लगभग दो लाख रुपये की क्षति हुई है। प्रधान प्रतिनिधि अमित कुमार की सूचना पर पशु चिकित्सा अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। जहां उन्होंने घायल बकरियों का इलाज किया। क्षेत्रीय लेखपाल पंकज ने बताया की नुकसान का आंकलन करके रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। जिससे पीड़ित मजदूर को आर्थिक मदद मिल सके।