Fatehpur: ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम, हेलमेट भी नहीं लगाए थे
Fatehpur News: यूपी के फतेहपुर में भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
विस्तार
फतेहपुर जिले के थरियांव में बाइक सवार दो दोस्तों को सोमवार रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में घायल बाइक सवारों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। बाइक सवार हेलमेट भी नहीं लगाए थे। थाना क्षेत्र के मीसा गांव निवासी रामसुलेख सिंगरौर का पुत्र टिंकू (19), पड़ोसी दोस्त छोटू उर्फ अयूब (23) पुत्र रियाज के साथ थरियांव किसी काम से आए थे।
अभी उनकी बाइक थरियांव-असोथर मार्ग पर करनपुर मोड़ के पास पहुंकी ही थी कि तभी असोथर की ओर से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर को पकड़कर थाने पहुंचाया। चालक मौके से भाग निकला। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है।
दिल्ली से लौटते ही हादसे में टिंकू की गई जान
दोस्तों की मौत की खबर से मीसा गांव में कोहराम मच गया। मिश्रित आबादी के मीसा गांव में दोनों समुदाय के ग्रामीण एक दूसरे के घरों में ढांढस बंधाने पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों एक-दूसरे के जिगरी दोस्त थे। गांव स्थित कब्रिस्तान में अयूब का शव दफन किया गया। वहीं, टिंकू के शव का मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार किया गया। मृतक टिंकू का बड़ा भाई संतोष दिल्ली में फास्ट फूड का ठेला लगाता है।
बड़े भाई के सहयोग में टिंकू भी दिल्ली में रहता था। वह सोमवार को ही दिल्ली से घर लौटा था। घर आने के बाद दोस्त अयूब के साथ घूमने निकला था। मृतक अयूब गुजरात में काम करता था। वह एक माह पहले घर लौटा था। टिंकू के छह भाई संतोष, मुकेश, आकाश, विकास, रिंकू, सत्येंद्र है। टिंकू की मां की पहले मौत हो चुकी है। वहीं छोटू उर्फ अयूब की मौत से मां इस्लामुन, भाई इदरीश, हाफिज, हनीफ,चांदबाबू समेत परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल है।