Fatehpur: बंदरों के हमले से बचने के लिए भागा, छत से गिरकर छात्र की मौत, पुलिस बोली- मामला सज्ञान में नहीं
Fatehpur News: पौली गांव में बंदरों के हमले से बचने के चक्कर में छत से गिरकर 10वीं के छात्र इजहरुल की मौत हो गई। मृतक के पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने प्रशासन पर बंदरों के आतंक की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए भारी रोष जताया है।
विस्तार
फतेहपुर जिले में खखरेरू थाना क्षेत्र के पौली गांव में बंदरों के हमले से बचने के प्रयास में भागे छात्र की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। पौली गांव निवासी इज़हरुल (16) एक इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था। वह बुधवार सुबह घर की छत पर सो रहा था। परिवार के अन्य सदस्य सुबह उठकर अपने काम में लग गए थे।
करीब 6:15 बजे छात्र की नींद खुली तो उसने देखा कि छत पर कई बंदरों ने घेर रखा है। बंदरों के हमले से बचने के लिए वह पीछे हटने लगा, इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह घर के पीछे रखे बिल्डिंग मटेरियल पर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे निजी वाहन से इलाज के लिए फतेहपुर ले जा रहे थे। हालांकि, खागा के पास रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। छात्र की मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
थाना प्रभारी बोले- मामला मेरे सज्ञान में नहीं है
मृतक चार भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता की चार वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी है। बड़ा भाई इमामुल हसन खाड़ी देश में नौकरी करता है, जबकि छोटे भाई-बहन घर पर रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि क्षेत्र में बंदरों के आतंक की कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि मामला मेरे सज्ञान में नहीं है।