Fatehpur: गड्ढों में तब्दील हुई सड़क, हिचकोले खाकर निकलते वाहन…हादसे की आशंका, लोक निर्माण विभाग पर सवाल
Fatehpur News: थरियांव में लोक निर्माण विभाग की लापरवाही से आंबापुर-हथगांव मार्ग गड्ढों में तब्दील हो गया है, जिससे वाहन चालकों को हिचकोले खाने पड़ रहे हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
विस्तार
फतेहपुर जिले के थरियांव कस्बे में सरकार की गड्ढा मुक्त सड़क की मंशा पर लोक निर्माण विभाग खरा नहीं उतर रहा है। यही कारण है कि थोड़ी सी बारिश सड़के गड्ढों में तब्दील हो गई हैं जिसके कारण वाहन हिचकोले खाकर निकलते नजर आते हैं। प्रदेश सरकार ने सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद 2019 व 2020 में लोक निर्माण विभाग ने आंबापुर से हथगांव मार्ग की मरम्मत कराई थी। मरम्मत के नाम पर विभाग ने खानापूर्ति कर दी थी जिसके कारण चंद महीनों में ही सड़क के भरे गए गड्ढे खुल गए। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण सड़क पर चलना मुश्किल हो रहा है। वाहन हिचकोलें लेकर चल पा रहे हैं।
मजबूरी में गुजर रहे हैं वाहन
बारिश में सड़कें कीचड़ में तब्दील हो गईं। सड़क के गड्ढों में गंदा पानी भर गया, जिसके कारण पैदल व दो पहिया वाहन चालकों को परेशानी हुई। यह सड़क अंबापुर से बरई बुजुर्ग, महोई, कला मोहम्मदपुर, उदय सराय ,कोंडरपुर, शंकरपुर, मुरांव,घूरी बुजुर्ग, नौबस्ता, मंडा सराय, गड़रियन पुरवा, ओनहा, औरेईया, सखियांव, चाकीवा होते हुए हथगांव को जोड़ती है। दिन भर में हजारों वाहन मजबूरी में इसी रोड से गुजरते हैं।