Fatehpur Accident: ट्रैक्टर की टक्कर से मां-बेटे की मौत, सात दिसंबर को होनी थी युवक की शादी, छाया मातम
Fatehpur News: प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक मां-बेटा के शवों को मर्चुरी में रखा गया था। पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
विस्तार
फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर की टक्कर से मां-बेटे की मौत हो गई। थाना क्षेत्र के बसोहनी के रामऔतार पाल का पुत्र महेंद्र पाल (26) अपनी मां निर्मला (60) को लेकर शनिवार देर शाम बाइक से फतेहपुर से सामान खरीदकर घर लौट रहा था।
जैसे ही महेंद्र सलेमाबाद के निकट पहुंचा था, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दिया। घटना में मां निर्मला की मौके पर मौत हो गई। घायल पुत्र को सदर अस्पताल भेजा गया था। हालत खराब होने पर कानपुर हैलट ले जाते समय महेंद्र की भी मौत हो गई।
रमेश, राजेश, महेंद्र और चंटू चार भाई हैं। मृतक महेंद्र तीसरे नंबर का है। मृतक के भाई राजेश ने बताया कि तीन साल पहले भाई को रेलवे में इलेक्ट्रिशियन की नौकरी मिली थी। वो बिलासपुर के अनूपपुर में कार्यरत था। मृतक की शादी सात दिसंबर को मल्हीपुर की खुशबू के साथ होना था।
पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है
30 नवंबर को तिलक का कार्यक्रम हो चुका है। महेंद्र और मां बाइक से शादी का सामान लेने गए थे। कई साल पहले पिता की मौत हो चुकी है। मृतक के बहनें नहीं हैं। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक मां-बेटा के शवों को मर्चुरी में रखा गया था। पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।