फर्रुखाबाद: तीन तंबाकू फर्मों पर जीएसटी एसआईबी का छापा, 2875.6 क्विंटल माल किया जब्त, ये गड़बड़ियां भी मिलीं
Farrukhabad News: कायमगंज में जीएसटी एसआईबी इटावा की टीम ने तीन प्रमुख तंबाकू फर्मों के गोदामों पर औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 2875.6 क्विंटल तंबाकू जब्त की है, जिसमें एक फर्म के गोदाम में घोषित स्टॉक से 445 क्विंटल तंबाकू अधिक पाई गई।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में जीएसटी एसआईबी इटावा की टीम ने कायमगंज में तीन तंबाकू फर्मों के गोदामों पर छापा मारकर जांच की। टीम ने जांच के दौरान कुल 2875.6 क्विंटल तंबाकू जब्त की है। एक फर्म में घोषित स्टॉक से 445 क्विंटल तंबाकू अधिक पाई गई।
अपर आयुक्त सुरेंद्र मोहन सिंह और ज्वाइंट कमिश्नर संतोष कुमार वर्मा के नेतृत्व में डीसी शैलेंद्र सिंह, सचल दल प्रभारी फर्रुखाबाद महेश पाठक, एसटीओ जमीर हसन और सुशील कुमार की टीम ने ट्रांसपोर्ट स्थित सार्थक इंटरप्राइजेज के धीरज अग्रवाल के गोदाम, लालबाग स्थित मोहम्मद बिलाल खान के गोदाम और नोनियमगंज स्थित ओम टुबैको कंपनी के शैलेश गुप्ता के गोदाम में माल की जांच की।
घोषित स्टॉक से 445 क्विंटल तंबाकू अधिक मिली
स्टॉक रजिस्टर से माल का मिलान करने के दौरान सार्थक इंटरप्राइजेज के गोदाम से 2090.6 क्विंटल और मोहम्मद बिलाल खान के गोदाम से 340 क्विंटल तंबाकू जब्त की गई। वहीं] ओम टुबैको कंपनी के गोदाम में घोषित स्टॉक से 445 क्विंटल तंबाकू अधिक मिली, जिसे टीम ने जब्त कर लिया। अधिकारियों के अनुसार व्यापारियों को अपना पक्ष प्रस्तुत करने और सुनवाई का अवसर दिया गया है। इसके बाद कर अपवंचन के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।