Farrukhabad Accident: कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर घायल...लोहिया अस्पताल रेफर
Farrukhabad News: सर्वजीत ने बताया कि वह रिश्तेदारी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहा था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में कमालगंज कोतवाली क्षेत्र में खुदागंज रेलवे स्टेशन के सामने बाइक व कार की आमने-सामने टक्कर होने से तीन लोग घायल हो गए। पीछे से आ रहे साथियों ने सड़क पर पड़े घायलों को एम्बुलेंस से सीएचसी पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
सभी हरदोई जिले से एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। हरदोई जिले के बिलग्राम थाना के गांव भरतनपुरवा निवासी जय सिंह (28) रविवार शाम क्षेत्र के गांव गदनपुर देवराजपुर निवासी बहन सुनीता के घर आया था। सोमवार सुबह जय सिंह बाइक से भांजी शिखा (22) व कंपिल थाना के शंकरपुर निवासी रिश्तेदार जनवेश (38) के साथ बिलग्राम में एक कार्यक्रम में गया था।
दूसरी बाइक से भांजा सर्वजीत शेखपुर निवासी दोस्त विशाल के साथ गया था। शाम करीब साढ़े चार बजे घर वापस आते समय रास्ते में खुदागंज रेलवे स्टेशन के पास जयसिंह की बाइक में सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार शिखा, जनवेश व जयसिंह घायल हो गए। कार सवार मौके पर गाड़ी छोड़कर भाग गए।
तीनों को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया
पीछे से आ रहे सर्वजीत ने बहन, मामा और फूफा को घायल अवस्था में पड़ा देखा, तो इसकी सूचना परिजनों को दी। सर्वजीत घायलों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां चिकित्सक डॉ. मान सिंह ने घायलों का इलाज किया। हालत गंभीर होने पर तीनों को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। सर्वजीत ने बताया कि वह रिश्तेदारी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहा था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया।