किसान सुसाइड: पुलिस ने मांगा भाजपा नेता की संपत्तियों का ब्यौरा, बेटी बोली- नहीं मिला न्याय..कैसे करें तेहरवीं
Kanpur News: किसान की दोनों बेटियों ने सीपी से कहा कि पिता की मौत का जिम्मेदार भाजपा नेता डॉ. प्रियरंजन आशु दिवाकर और सभी साथी खुलेआम बाहर घूम रहे हैं। बेटी रूबी ने सीपी से पूछा कि पुलिस भाजपा नेता को क्यों नहीं पकड़ पा रही है।
विस्तार
कानपुर के चकेरी गांव में खुदकुशी करने वाले किसान बाबू सिंह यादव की करोड़ों की जमीन हड़पने वाले भाजपा नेता डॉ. प्रियरंजन आशु दिवाकर के खिलाफ कमिश्नरी पुलिस बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। पुलिस ने चार विभागों को पत्र भेजकर उसकी चल, अचल संपत्तियों का ब्यौरा मांगा है।
इसके बाद इन्हें जब्त भी किया जा सकता है। वहीं, भाजपा नेता के करीबियों की डिटेल भी खंगाली जा रही है। डॉ. प्रियरंजन ने चकेरी गांव में रहने वाले किसान के भतीजे जितेंद्र और चालक बबलू की मदद से किसान की 6.29 करोड़ की संपत्ति हथिया कर उसकी रजिस्ट्री करवा दी थी।
इससे आहत किसान ने बीते नौ सितंबर को ट्रेन से कटकर जान दी, जिसके बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने भाजपा नेता समेत छह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की, जिसमें से चकेरी पुलिस सिर्फ दिल्ली के होटल से राहुल जैन को गिरफ्तार कर सकी है।
संपत्तियों को स्थानांतरित न किया जा सके
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुसिल ने डॉ. प्रियरंजन के सभी बैंक खातों, वाहनों और संपत्तियों की डिटेल पता लगाने के लिए रजिस्ट्री, आरटीओ, केडीए, नगर निगम के साथ ही मैनपुरी रजिस्ट्री विभाग से भी संपर्क किया है, ताकि अभियुक्तों द्वारा कुर्की से बचने के लिए किसी अन्य के नाम इन्हें स्थानांतरित न किया जा सके।
एग्रीमेंट ने गवाह में शामिल रहे करीबी
पुलिस की जांच में पता चला कि एग्रीमेंट के सभी गवाह दिवाकर के करीबी हैं। इनमें उसका साला राजन, ड्राइवर बबलू व करीबी अधिवक्ता अशोक कुमार शामिल रहे। वहीं, पुलिस ने उसे हाईकोर्ट से जमानत न मिल सके इसके लिए भी कमर कस ली है। कानपुर कोर्ट में अंतरिम जमानत का पुरजोर विरोध करेगी।
पापा को नहीं मिला न्याय...कैसे करेंगे उनकी तेहरवीं
वहीं, बेटी ने कहा कि सर...शुक्रवार को मेरे पापा की तेरहवीं है। पापा को अभी तक न्याय नहीं मिला। अब आप ही बताओ हम पापा की तेरहवीं कैसे करेंगे। यह बात गुरुवार को पुलिस कमिश्नर से मिलने पहुंचीं खुदकुशी करने वाले किसान बाबू सिंह यादव की दोनों बेटियों ने अधिकारी से कहीं। पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी व सख्त सजा दिलाने की मांग करते हुए दोनों बेटियों की आंखें छलक आईं।
कुर्की की कार्रवाई कराने के निर्देश
सीपी डॉ. आरके स्वर्णकार ने आरोपियों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई जल्द से जल्द कराने के निर्देश एसीपी चकेरी को दिए हैं। गुरुवार को न्याय संघर्ष समिति के संयोजक अभिमन्यु गुप्ता, सपा नेता फतेह बहादुर गिल के साथ बाबू सिंह यादव का परिवार सीपी डॉ. आरके स्वर्णकार से मिलने पहुंचा।
हमें न्याय नहीं मिला, तो जीने का क्या मतलब
किसान की दोनों बेटियों ने सीपी से कहा कि पिता की मौत का जिम्मेदार भाजपा नेता डॉ. प्रियरंजन आशु दिवाकर और सभी साथी खुलेआम बाहर घूम रहे हैं। बेटी रूबी ने सीपी से पूछा कि पुलिस भाजपा नेता को क्यों नहीं पकड़ पा रही है। सीपी से पूछा कि क्या वह कानून से बड़ा है, जो पुलिस उस पर हाथ डालने से पीछे हट रही है। किसान पत्नी बिटान बोलीं कि अगर हमें न्याय नहीं मिला, तो हमारे जीने का क्या मतलब है।
गिरोह बनाकर जमीनों पर कब्जा करने वालों पर हो गैंगस्टर की कार्रवाई
न्याय संघर्ष समिति के अभिमन्यु गुप्ता ने सीपी से कहा कि आरोपी गिरोह बनाकर जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं तो फिर इनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देते हुए एसीपी चकेरी को फोन करके जल्द से जल्द कुर्की की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई होने की संभावनाओं को तलाशने के भी निर्देश दिए।