UP: विवाद से सुलग रही थी दुश्मनी की आग, किसान को पीट-पीटकर मारा, घर से 50 मीटर दूर हुई हत्या, पढ़िए वजह
Unnao Murder: मृतक के चचेरे भाई लाखन ने बताया कि शिवराज ने गांव के ही बउवा का खेत बटाई पर लिया था। खेत मटरु के घर के सामने होने से वह उसी में गंदगी डालने के साथ अपने घर का गंदा पानी भी बहता था। साल 2022 में होली के त्योहार पर शिवराज व मटरू के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
विस्तार
उन्नाव जिले के सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में खेत में गंदा पानी डालने और गंदगी फेंकने के मामले में हुए विवाद की खुन्नस में पड़ोसी और उसके बेटे ने किसान को अपने घर में खींच लिया और बंधक बनाकर पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव घर के बाहर फेंक दिया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर चार के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट की गई है। दो को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आसीवन थानाक्षेत्र गांव कूरेमऊ के मजरा लोचन खेड़ा निवासी शिवराज लोधी (42) का गांव के ही मटरू लोधी से पिछले साल होली पर शिवराज ने बटाई पर लिए गए खेत में गंदा पानी और गंदगी फेंकने का विरोध किया था। इसपर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी और पुलिस ने शिवराज की तहरीर पर मटरू व अन्य का शांतिभंग में चालान किया था। इसी खुन्नस में मटरू लगातार उसे धमकी दे रहा था।
हत्या करने के बाद मटरू ने खुद दी थी सूचना
बुधवार रात करीब दस बजे शिवराज नशे में खेत से घर जा रहा था। जैसे ही वह मटरू के घर के पास से निकला, उसे अपने घर के अंदर खींच लिया और जमकर पिटाई कर दी। दीवार में कई बार सिर लड़ाया। करीब आधे घंटे बाद मरणासन्न हालत में उसे घर के बाहर फेंक दिया। हत्या करने के बाद मटरू ने खुद मृतक के चचेरे भाई लाखन और रसूलाबाद चौकी पुलिस को शिवराज के नशे में पड़े होने की सूचना दी।
दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी
परिजन और पुलिस पहुंचती तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना देने के बाद मुख्य हत्यारोपी मटरू घर से भाग निकला। हत्या की सूचना पर एसओ पहुंचे और जांच की और शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक की पत्नी अनीता की तहरीर पर पुलिस ने मटरू, उसके बेटे गोविंद, भाई नन्हें, और पप्पू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मृतक दो भाईयों में छोटा था।
घर से पचास मीटर दूर हुई हत्या
मृतक शिवराज के घर की दूरी हत्यारोपी मटरू के घर से 50 मीटर है। खेत गए शिवराज का परिजन घर आने का इंतजार कर रहे थे। लेकिन उन्हें नहीं पता था कि अब वह उसे जिंदा नहीं बल्कि शव देखेंगे। हत्यारोपी अगर घर के बाहर घटना को अंजाम देते तो मृतक के परिजनों को पता चल जाता और वह अपने मंसूबों में कामयाब न होते।
पति से शराब छोड़ने को लगातार मना कर रही थी पत्नी
इसलिए शिवराज को नशे में देख उसे घर के अंदर ही खींच ले गए और घटना को अंजाम दे दिया। पत्नी अनीता ने बताया कि विवाद के बाद पति से शराब छोड़ने को लगातार मना कर रही थी। उसे शक था कि ये लोग इसी का फायदा उठाकर उसकी हत्या कर सकते हैं, लेकिन उसने भी पीना बंद नहीं किया और जिसका डर था वही हो गया।
यह रही हत्या की वजह
मृतक के चचेरे भाई लाखन ने बताया कि शिवराज ने गांव के ही बउवा का खेत बटाई पर लिया था। खेत मटरु के घर के सामने होने से वह उसी में गंदगी डालने के साथ अपने घर का गंदा पानी भी बहता था। साल 2022 में होली के त्योहार पर शिवराज व मटरू के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसमें पुलिस ने शिवराज की तहरीर पर सिर्फ मटरू के खिलाफ कार्रवाई की थी। तब से मटरू रंजिश मानता चला आ रहा था।
मृतक ही था सहारा, बिखर गया परिवार
मृतक शिवराज ही परिवार का सहारा था। वह खेती कर परिवार का पालन पोषण करता था। पत्नी अनीता के साथ सात बच्चों में बड़ी बेटी सविता (16), राजेश(13), विमलेश(11), सोनम (9), सुभाष (7), प्रियांशी (5) और रंजीता (3) साल की है। इसमें रंजीता को छोडकऱ अन्य बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। उनके पालने की जिम्मेदारी शिवराज पर थी। वह खुद की खेती के साथ बटाई पर खेती लेकर सभी का पालन पोषण कर रहा था। छोटे से विवाद ने पूरा परिवार उजाड़ कर रख दिया। बच्चों के सिर से पिता का साया छिन गया।
पुरानी रंजिश में पड़ोसी ने परिवारीजनों के साथ मिलकर हत्या कर दी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जांच चल रही है। -संदीप मिश्र, एसओ