कानपुर: कर्ज लेकर पांच बीघा खेत लिया, बाढ़ में डूबी फसल तो किसान ने दी जान
Kanpur News: सचेंडी थानाक्षेत्र के बिनौर गांव में बाढ़ में फसल बर्बाद होने से परेशान किसान ने फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों के मुताबिक 26 वर्षीय कुलदीप सिंह ने खेती के लिए कर्ज लिया था और गांव के ही एक किसान से पांच बीघा खेत लेकर उसमें धान और बाजरा बोया था। नून नदी में आई बाढ़ और लगातार बारिश से खेत पूरी तरह जलमग्न हो गया और फसल बर्बाद हो गई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कुलदीप के भाई अरुण ने बताया कि खेती के लिए कुलदीप ने कर्ज लिया था। उसे उम्मीद थी कि धान और बाजरे की फसल अच्छी होगी तो कर्ज चुकाने में मदद मिलेगी। लेकिन बाढ़ ने उसकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया। रविवार दोपहर कुलदीप खेत देखने गया था। वहां फसल की स्थिति देखकर वह काफी परेशान हो गया और घर लौट आया।
खेत से लौटने के बाद कमरे में चला गया
परिजनों के मुताबिक रविवार देर शाम घर पहुंचने के बाद कुलदीप सीधे अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक कमरे से कोई आवाज नहीं आई तो उसकी मां शैल कुमारी उसे देखने पहुंचीं। दरवाजा खोलते ही बेटे का शव फंदे से लटका देखकर उनकी चीख निकल गई।
चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देने के लिए 112 पर फोन किया। सूचना पर सचेंडी पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।