इटावा: युवक ने फंदा लगाकर की खुदकुशी, नौकरी जाने से डिप्रेशन में चल रहा था, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
Etawah News: वैदपुरा थाना क्षेत्र स्थित छितौनी गांव में दो महीने पहले नौकरी छूटने से अवसाद में चल रहे युवक ने दिवाली से एक दिन पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से जहां दो मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। वहीं, पूरे परिवार की त्योहारी खुशियां मातम में बदल गईं।
विस्तार
इटावा जिले में वैदपुरा थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में नौकरी छूटने से परेशान युवक ने दिवाली से एक दिन पहले शुक्रवार रात घर में फंदा लगाकर जान दे दी। शनिवार सुबह पत्नी ने पति को फंदे पर लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
छितौनी निवासी साकेश यादव (36) दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। बड़े भाई राकेश ने बताया कि करीब दो महीने पहले साकेश की नौकरी छूट गई थी। इसके बाद से वह काफी परेशान चल रहा था। शुक्रवार रात दिवाली की तैयारियों के बीच उसने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। शनिवार सुबह पत्नी ने उसे फंदे पर लटका देखा, तो परिजनों को जानकारी दी।
शव को मोर्चरी में रखवाया
परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना भेज दी गई। बता दें कि मृतक की दो बेटियां हैं। दिवाली से पहले पिता की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। दोनों बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।