इटावा हादसा: हाईवे पर ट्रक ने बाइक को रौंदा, दो सगी बहनों की मौत, भाई-बहनोई और मासूम घायल, अस्पताल में भर्ती
Etawah News: इकदिल थाना क्षेत्र में बीलमपुर मोड़ के पास रविवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक पर सवार दो सगी बहनों की मौत हो गई, जबकि उनका भाई, बहनोई और छह माह का भांजा घायल हो गए।
विस्तार
इटावा जिले के इकदिल थाना क्षेत्र में बिलमपुर मोड़ के पास रविवार सुबह हाईवे पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो बहनों की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार भाई, बहनोई और छह माह का भांजा घायल हो गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। भाई और बहनोई का उपचार चल रहा है, जबकि बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
कस्बा सड़क बाजार निवासी आयुष गोयल रविवार सुबह अपनी बाइक से बहन निशा कुमारी, जीजा नीरज गोयल और छह माह के भांजे शिवांश को रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था। उसके साथ छोटी बहन आशी भी बाइक पर सवार थी। निशा कुमारी का ससुराल इटायली, थाना मौह जिला भिंड मध्य प्रदेश में है। निशा रक्षाबंधन त्यौहार कर अपने पति नीरज और बेटे शिवांश के साथ रेलवे स्टेशन जा रही थी।
पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया
जैसे ही सभी लोग बीलमपुर मोड़ के पास हाईवे पर चढ़ने लगे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार निशा कुमारी और आशी सड़क पर जा गिरीं और गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे में आयुष गोयल और नीरज गोयल घायल हुए हैं। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। वहीं, छह माह के शिवांश को भी चोटें आईं, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे घर भेज दिया। पुलिस ने दोनों बहनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ट्रक और उसके चालक की जानकारी जुटाने में लगी है।