Etawah: सिर में ईंट मारकर मजदूर की हत्या, खाट पर पड़ा मिला खून से लथपथ शव, जांच में जुटी पुलिस
Etawah News: जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र में मजदूर का खून से लथपथ शव मिला है। फॉरेंसिक टीम को शव के पास जमीन पर एक ईंट पड़ी मिली है।
विस्तार
इटावा जिले के जसवंतनगर के बीमरपुरा गांव में गुरुवार सुबह खून से लथपथ मजदूर का शव घर के बरामदे में पड़ी खाट पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक ने साक्ष्य जुटाए हैं। शव के पास ही एक ईंट पड़ी मिली है। उस पर खून लगा हुआ था। इससे प्रतीत हो रहा है कि सिर में ईंट मारकर हत्या की गई है।
जानकारी के अनुसार, प्रदीप कुमार (42) निवासी बीमरपुरा गांव अविवाहित था। वह मजदूरी करके अपना खर्च चलाता था और गांव में बने घर में अकेला रहता था। गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे प्रदीप का शव घर के बाहर बने बरामदे में पड़ी खाट पर पड़ा मिला। खून से लथपथ शव देखकर ग्रामीणों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी अग्रिम कार्रवाई
सूचना पर एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ पहुंच गए। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की है। फॉरेंसिक टीम को शव के पास जमीन पर एक ईंट पड़ी मिली है। साथ ही, पउओं की खाली बोतल और गिलास मिले हैं। इससे प्रतीत हो रहा है। रात में प्रदीप ने किसी के साथ शराब पी थी। एसपी सिटी ने बताया कि जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।