UP: परीक्षा का तनाव या कुछ और? डॉक्टर को दिखाई जहर की शीशी, छात्रा बोली- ये मैंने पी ली है, मेरा इलाज कर दीजिए
Etawah Student Consumed Poison: इकदिल थाना क्षेत्र में कक्षा 11 की एक छात्रा ने परीक्षा और पढ़ाई के तनाव में आकर कीटनाशक पी लिया। सहेली की तत्परता से वह समय पर जिला अस्पताल पहुंची और डॉक्टर को जहर की शीशी दिखाकर इलाज की गुहार लगाई, जिससे उसकी जान बच गई।
-
- 1
-
Link Copied
विस्तार
इटावा जिले में इकदिल थाना क्षेत्र के एक गांव की कक्षा 11 की छात्रा ने पढ़ाई के तनाव में आकर घर में रखी कीटनाशक दवा पी ली। दवा पीने के कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो उसने अपनी सहेली को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी और मदद मांगी। सहेली उसके घर पहुंची और उसे ऑटो से जिला अस्पताल लेकर आई।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचते ही छात्रा ने डॉक्टर श्याम मोहन को कीटनाशक दवा की शीशी दिखाते हुए कहा, ये मैंने पी ली है, मेरा इलाज कर दीजिए। यह सुनते ही डॉक्टरों ने तत्काल उसका प्राथमिक परीक्षण किया और भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। फिलहाल छात्रा की हालत पर चिकित्सकों की लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पढ़ाई और परीक्षा के दबाव को लेकर तनाव में थी
जानकारी के अनुसार, घटना के समय छात्रा के परिजन रिश्तेदारी में कानपुर गए हुए थे, जिससे घर पर कोई बड़ा सदस्य मौजूद नहीं था। ऐसे में सहेली ने बिना समय गंवाए उसे अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने का प्रयास किया। छात्रा की सहेली ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से पढ़ाई और परीक्षा के दबाव को लेकर काफी तनाव में थी।
अन्य कारण की पुष्टि नहीं की गई है
इसी मानसिक तनाव में उसने यह कदम उठा लिया। हालांकि पुलिस और परिजनों की ओर से अभी तक किसी अन्य कारण की पुष्टि नहीं की गई है। डॉक्टरों का कहना है कि समय पर अस्पताल पहुंच जाने से छात्रा का उपचार तुरंत शुरू हो गया। उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल दी जा रही है।