इटावा: जादू-टोने के विवाद पर भिड़े जीजा-साले, चाकूबाजी में दोनों घायल, पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में लिया
Etawah News: नौरंगाबाद में बरात से ठीक एक दिन पहले जादू-टोने के विरोध को लेकर जीजा और साले के बीच खूनी संघर्ष हो गया। शनिवार सुबह दोनों पक्षों में हुए विवाद के दौरान चाकूबाजी हो गई, जिसमें जीजा और साला दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है।
विस्तार
इटावा जिले में पत्नी पर जादू-टोना कराने के विरोध को लेकर नौरंगाबाद में शनिवार सुबह जीजा और साले के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद चाकूबाजी तक पहुंच गया। दोनों पक्षों की ओर से चाकू से हमला करने के आरोप लगाए गए हैं। घटना में जीजा गयासुद्दीन उर्फ खलीफा (37) और हसन घायल हो गए। परिजन दोनों को घायल अवस्था में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। कटरा साहब खां निवासी गयासुद्दीन उर्फ खलीफा अपनी ससुराल कोतवाली क्षेत्र के नौरंगाबाद में रहते हैं। रविवार को उनके ममिया ससुर के बेटे हसन की बारात ख्वाजा रोड पर जानी है। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच शनिवार सुबह करीब 10 बजे दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
चाकू से कर दिया जानलेवा हमला
गयासुद्दीन का आरोप है कि उनकी पत्नी पर जादू-टोना कराया जाता है। इसी बात का विरोध करने पर हसन ने परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर दूल्हे वाली चाकू से उन पर हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गए। वहीं, हसन ने गयासुद्दीन के आरोपों को लेकर कहना है कि जीजा गयासुद्दीन का परिवार के दूसरे लोगों से झगड़ा हो रहा था। वह बीच-बचाव करने पहुंचा था।
कारणों की जांच में जुटी पुलिस
इसी दौरान उसे भी चाकू लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद दोनों पक्षों के परिजन घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार कराया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।